एयर चीफ ने तेजस में भरी करियर की आखिरी उड़ान
- 31 अक्टूबर को हो रहे रिटायर्ड
- युद्धाभ्यास तरंग शक्ति 2026 का समापन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एयर चीफ ने तेजस में भरी करियर की आखिरी उड़ान। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अपने करियर की आखिरी उड़ान जोधपुर में स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में भरी। एयर चीफ मार्शल की इस उड़ान के साथ ही जोधपुर एयरबेस पर आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का भी समापन हो गया।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख का पदभार संभालेंगे। वायुसेना प्रमुख के साथ सुखोई-30, राफेल,यूएई का फाइटर जेट एफ-16 और मिराज- 200,मिग-29 विमानों ने भी आसमान में एक साथ उड़ान भरी। भारतीय वायुसेना के सूर्यकिरण विमानों ने भी अलग- अलग फॉर्मेशन बनाई।
दो दशक पुराने मामले में मकान मालिक को दी राहत
वायुसेना ने ट्वीट किया- स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के कॉकपिट में बैठकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अपने करियर की आखिरी फाइटर सॉर्टी पूरी की। यह उनके शानदार करियर का ऐतिहासिक पल रहा,जो उड़ान के प्रति अटूट जुनून और राष्ट्रसेवा के प्रति अडिग समर्पण से गढ़ा गया है। एक अध्याय समाप्त हो रहा है,लेकिन जुनून आज भी बरकरार है। आसमान में उड़ान का यह अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो,लेकिन राष्ट्रसेवा का मिशन जारी रहेगा।
‘पावर इन पार्टनरशिप’ थी थीम
26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चले युद्धाभ्यास में अमेरिका, ब्रिटेन,जर्मनी,फ्रांस, बांग्लादेश,श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात सहित आठ देशों के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के तौर पर अभ्यास की गतिविधियों को देखा।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए।भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित तरंग शक्ति देश का प्रमुख बहुराष्ट्रीय एयर कॉम्बैट एक्सरसाइज है। इस वर्ष की थीम ‘पावर इन पार्टनरशिप’ थी। युद्धाभ्यास का उद्देश्य मित्र देशों की वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल और परिचालन क्षमता को मजबूत करना था।
