बाबा बीज पर मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब

  • बाबा रामदेव मंदिर में बीज पर 108 ज्योत से हुई महाआरती
  • बाबा के जयकारे गूंजे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बाबा बीज पर मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब। सामाजिक समरसता के प्रतीक लोक देवता बाबा रामदेव का प्राकट्योत्सव (अवतरण दिवस) रविवार को भाद्रपद शुक्ल द्वितीया (बीज) पर श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

अलसुबह मसूरिया स्थित बाबा रामदेव के गुरु बालीनाथ की समाधि मंदिर में पंचामृत अभिषेक के बाद 108 ज्योत से श्रृंगार महाआरती हुई। मंगला आरती के दौरान बड़ी तादाद में लोग बाबा के दर्शन करने पहुंचे।

गुजरात,मध्यप्रदेश,हरियाणा, छत्तीसगढ़ सहित देश व प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे बाबा के हजारों भक्तों ने महाआरती के दर्शन किए। शृंगार आरती के दर्शन के लिए देर रात से ही बाबा रामदेव के भक्त कतार में खड़े नजर आए। इस अवसर पर मसूरिया स्थित बाबा रामदेव के गुरु बालीनाथ के समाधि मंदिर सहित कई अन्य मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान हुए।

मसूरिया बाबा मंदिर की व्यवस्था संभालने वाले पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने बताया कि सुबह मंदिर में 108 ज्योत से मंगला आरती की गई। यहां बाबा रामदेव के गुरु बालीनाथ की गुफा और बाबा रामदेव मंदिर में महाआरती की गई। मंगला आरती से पूर्व मेला प्रांगण में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा।

मसूरिया पहाड़ी स्थित बाबा रामदेव मंदिर में शनिवार रात से जातरूओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। रविवार तडके महाआरती शुरू होने से पूर्व ही हजारों लोग कतारों में लग गए। मंदिर से काफी दूरी तक लम्बी कतार लगी रही। जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर पुलिस लोगों को नियंत्रित करने की मशक्कत में जुटी रही। हाथों में पताका थामे बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्त देश के विभिन्न हिस्सों से जोधपुर पहुंचे।

नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे भक्त
बाबा रामदेव के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। मसूरिया में बड़ी संख्या में पैदल श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा और भक्त नाचते- गाते बाबा के दरबार पहुंचे। मंदिर परिसर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। दरअसल, हर साल बाबा रामेदव की चांदनी बीज(दूज) से लेकर दशमी तक यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं।

शहरवासियों के अलावा अलग- अलग राज्यों और शहरों से भी लोग पैदल यात्रा कर यहां आते हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। इससे पूर्व सुबह 11 बजे ध्वजा रोहण के साथ बाबा के मेले का आगाज किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे समेत पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।

शहर में जगह-जगह लगे भंडारे, शहरवासी कर रहे सेवा
पैदल जातरूओं की सेवा के लिए शहरवासी भी पीछे नहीं हैं। शहर के पाली रोड से लेकर मसूरिया तक रास्ते में जगह- जगह इनके लिए खाने-पीने के बंदोबस्त किए गए हैं। इसके साथ ही अस्थाई मेडिकल कैंप भी बनाए गए है। जहां पर डॉक्टर्स से लेकर नर्सिंग स्टाफ तक को तैनात किया गया है। शहर वासियों ने चाय,नाश्ता, फल और पानी की सेवा के लिए अलग-अलग पांडाल भी बनाए है।

रिटायर्ड आईजी की पत्नी पर पालतू डॉग का हमला आरोप

जुगल जोड़ी बाबा रामदेव मंदिर में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू
जुगल जोड़ी बाबा रामदेव मंदिर राईकाबाग में आज भादवा सुदी बाबा की बीज के अवसर पर सैनाचार्य अचलानंद गिरी के सानिध्य में 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान ध्वजा रोहण के साथ शुरू हुआ।

सैनाचार्य के प्रतिनिधि रघुवीर सिंह भदावत ने बताया कि मंदिर परिसर में 9 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत आज ध्वजारोहण के साथ शुरू हुई। पूर्व सांसद गजसिंह एवं हेमलता राजे के मुख्य अतिथि में मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सुरेश बुगालिया की। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सुबह सर्वप्रथम रामदेव नेतल रानी सा के समक्ष पंचामृत से अभिषेक किया गया।

गणेश पूजन पंडित अंबालाल, चौबीसा राम प्रकाश त्रिपाठी द्वारा विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश भर में खुशहाली की कामना की गई। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सैनाचार्य के सानिध्य में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन हवन पूजा यज्ञ एवं दिनांक 16 सितंबर को खड़ी सप्ताह का शुभारंभ होगा जिसकी पूर्ण आरती 22 सितंबर को होगी।

इस मौके पर जीएल बुगालिया, बीजू चौधरी, सीमा चौधरी,खुशी चौधरी,विनीशा,महेंद्र सिंह राठौड़ संजीव माथुर महावीर सिंह घंटिया,प्रभु सिंह, इकबाल खान,भारत सिंह,गणपत सिंह राजपुरोहित,नेमीचंद महाबार, अशोक भाटी घड़ाव,नयन चौहान,रामप्रसाद सेन,मुरलीधर महेश्वरी,श्याम बाबू,रमेश त्रिपाठी,गौरव बागड़ी,मनोहर सिंह भोपाल आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।