सेंट्रल जेल में फिर चलाया सर्च अभियान में दो कीपेड फोन बरामद

मुख्यमंत्री को दौसा जेल से जान की धमकी मिलने के बाद जेलों में सर्च अभियान जारी

जोधपुर,सेंट्रल जेल में फिर चलाया सर्च अभियान में दो कीपेड फोन बरामद। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को दौसा जेल से मिली जान की धमकी के बाद प्रदेश की जेलों में लगातार अब सर्च अभियान चलाकर अवांछनीय सामग्री का पता लगाया जा रहा है। जेलों में सुरक्षा के बावजूद किस तरह से फोन अंदर जा रहे हैं, यह अब समझ से परे हो गया है। दो दिन पहले जोधपुर जेल से एक की-पेड फोन जेल की छत के रोशनदान से बरामद हुआ था।

यह भी पढ़ें – इसाईयों का कब्रिस्तान में गैस सिलेण्डर में लगी आग,मची अफरातफरी

अब मंगलवार को फिर अभियान चलाकर दो की-पेड फोन बरामद हुए है। अज्ञात शख्स के खिलाफ रातानाडा थाने में मामला दर्ज हुआ है। रातानाडा पुलिस ने बताया कि इस बारे में जेल उपाधीक्षक सौरभ स्वामी ने रिपोर्ट दी है। इनके अनुसार मंगलवार को जेल में सर्च अभियान चलाया गया। तब वार्ड नंबर 11 की बैरक संख्या 2 के पास में दो की-पेड फोन मिले। उन्हें बरामद कर लिया गया। यह मोबाइल किसके हैं? इस बारे में पता नहीं चला है। रातानाडा पुलिस के अनुसार मोबाइल मेें लगी सिम से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

सनद रहे कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को कुछ दिन पहले दौसा जेल से किसी बंदी द्वारा फोन कर जान की धमकी दी गई थी। इसके बाद प्रदेश के समस्त जेलों में जेल प्रशासन द्वारा सर्च अभियान चलाकर अवांछनीय सामग्री को जब्त किया जा रहा है। जोधपुर जेल में लगातार मिल रहे मोबाइल सुरक्षा व्यवस्था पर कड़े प्रश्र भी लगा रहे हैं।

जेल प्रहरियों की पुलिस करती है चैकिंग
इसमें सबसे बड़ी बात है जोधपुर जेल में बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहती है। वे जेल कर्मियों की मिली भगत की आशंका में उनकी ही चैकिंग करते हैं। आने जाने वाले फरियादियों की चैकिंग इनके द्वारा नहीं की जाती है। फरियादियों की चैकिंग का जिम्मा जेल प्रहरी का रहता है। मगर उसके बावजूद जेल में मोबाइल पहुंच रहे हैं।