Doordrishti News Logo

कार की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, दो घायल

जोधपुर, शहर के निकट जुड-केलावा रोड पर रात दो बजे बाइक सवार तीन लोगों को पीछे से आई एक कार ने टक्कर मार दी। इससे वे घायल हो गए। मथानिया अस्पताल लाए जाने पर एक किशोर को मृत बता दिया गया। एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया तो दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना में करवड़ पुलिस की तरफ से अब जांच की जा रही है।

करवड़ पुलिस थाने के एएसआई नवीन कुमार ने बताया कि भैसेर चावंडियाली का रहने वाला 16 साल का अभिषेक पुत्र चंदाराम जाट, उसका परिचित रामसुख पुत्र दुर्गाराम और सेठाराम अपनी बाइक लेकर बावड़ी शादी समारोह में गए थे। रात दो बजे शादी से घर की तरफ लौट रहे थे। तब जुड केलावा रोड के बीच में पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। इससे तीनों नीचे गिर गए। तब तीनों को मथानिया अस्पताल ले जाया गया। जहां पर अभिषेक को मृत बता दिया गया। सेठाराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि रामसुख को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस घटना में अब जांच कर रही है। शव को कार्रवाई के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: