स्वच्छ भारत मिशन की आईडी हैक, 6.24 लाख की ठगी

  • साइबर क्राइम
  • पुलिस ने 5.64 लाख होल्ड करवाई राशि

जोधपुर, शहर और जिले में अब साइबर ठगों के निशाने पर सरकारी विभाग भी है। इस बार ठगों ने जिले की ओसियां पंचायत समिति को निशाना बनाया है। स्वच्छ भारत मिशन की आईडी हैक कर ठगों ने 6.24 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस की सजगता से इसमें से 5.64 लाख रुपए होल्ड करवा कर बचा लिए गए लेकिन तब तक हैकर खाते से साठ हजार रुपए निकाल चुका था।

ओसियां के विकास अधिकारी हनुमान राम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को देय राशि के लिए अलग से एक खाता खोला हुआ है। किसी ने उनके कार्यालय की इससे जुड़ी आईडी को हैक कर लिया। आईडी को हैक कर खाते से 6.24 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इसकी जानकारी लगते ही उन्होंने तुरंत पुलिस व बैंक को सूचना दी। पुलिस की साइबर सैल यूनिट ने तत्परता दर्शाते हुए जिस खाते में रुपए ट्रांसफर किए गए उसे होल्ड करवा लिया। तब तक शातिर अपराधी साठ हजार रुपए निकाल चुका था।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews