महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व की ऐतिहासिक पहल-सेठ

  • नारी शक्ति वंदन अधिनियम
  • प्रधानमंत्री मोदी का किया आभार व्यक्त -महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व की ऐतिहासिक पहल-सेठ। भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर की ओर से रविवार को गांधी मैदान,सरदारपुरा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पूर्व महापौर वनिता सेठ ने पत्रकारों को अधिनियम के महत्व, महिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

वनिता सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह अधिनियम महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में दूरगामी परिवर्तन लाने वाला कदम है। लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक प्रावधान महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व और नीति निर्माण में अधिक भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा।

भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर डिपो का दूसरे चरण का कार्य प्रगति पर

पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को केवल सशक्त बनाने की बात नहीं की, बल्कि उन्हें देश की निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में ठोस पहल की है। यह अधिनियम देश की करोड़ों महिलाओं की राजनीतिक आकांक्षाओं,अधिकारों और नेतृत्व क्षमता को नई पहचान देने वाला साबित होगा।यह कदम प्रधान मंत्री की महिला सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता और विकसित भारत के संकल्प को भी दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि देश की लगभग आधी आबादी महिलाओं की है। ऐसे में लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनकी भागीदारी बढ़ना समय की आवश्यकता है। महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं,बल्कि नीति निर्माण और देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में भी प्रभावी भूमिका निभाने की क्षमता रखती हैं।

वनिता सेठ ने कहा कि महिला नेतृत्व बढ़ने से स्वास्थ्य,शिक्षा,पोषण, महिला सुरक्षा,बालिका शिक्षा,रोजगार,आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वयं सहायता समूहों जैसे विषयों को नीति निर्माण में अधिक प्राथमिकता मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाओं को भी पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक अपनी नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है। अब संसद और विधानसभाओं में भी महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र को अधिक समावेशी और मजबूत बनाएगी। इससे देश की बेटियों को राजनीति एवं सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से महिला सशक्तीकरण के इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नारी का सम्मान,समान अवसर और नेतृत्व में सहभागिता विकसित भारत के निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। अधिनियम का उद्देश्य केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाना नहीं, बल्कि महिलाओं की क्षमताओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान मिलेगा,तब देश की विकास यात्रा को नई दिशा और गति मिलेगी। नारी का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा तो उसकी प्राथमिकताओं को स्वर मिलेगा और नारी का नेतृत्व बढ़ेगा तो राष्ट्र के विकास को नई गति मिलेगी। नारी शक्ति का सम्मान ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।

इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ.संगीता सोलंकी,प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी प्रियंका त्यागी,सोशल मीडिया प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कमलेश गोयल,संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदियां सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।