उप प्रधान के लिए नामांकन का दौर तेज

  • कई समितियों में मुकाबला तय
  • शेरगढ़ में कांग्रेस की शोभा जैन निर्विरोध निर्वाचित
  • बालेसर-सेखाला-आगोलाई में त्रिकोणीय व सीधी टक्कर

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),उप प्रधान के लिए नामांकन का दौर तेज। पंचायत समितियों में प्रधानों के निर्वाचन के बाद अब उप प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले की कई पंचायत समितियों से नामांकन की खबरें सामने आई हैं। कहीं सीधा मुकाबला तय हो गया है तो कहीं कांग्रेस के भीतर ही बगावत देखने को मिली है।

23 पंचायत समितियों में 16 पर कांग्रेस की जीत

शेरगढ़ में निर्विरोध जीत
शेरगढ़ पंचायत समिति में उप प्रधान पद पर कांग्रेस से शोभा जैन निर्विरोध निर्वाचित हुईं। भाजपा की तरफ से कोई नामांकन पत्र जमा नहीं हुआ। गौरतलब है कि शेरगढ़ में प्रधान पद पर कांग्रेस से भगवान सिंह भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। शेरगढ़ में भाजपा के 15 में से मात्र दो सदस्य ही जीते थे।

बालेसर में त्रिकोणीय मुकाबला
बालेसर पंचायत समिति में उप प्रधान पद पर कांग्रेस से अभय कंवर देवी सिंह इंदा ने नामांकन किया है। वहीं भाजपा से रमेश भील ने भी नामांकन पत्र जमा किया। रमेश भील ने प्रधान पद पर भी भाजपा से नामांकन जमा किया था।

इधर कांग्रेस से जीते हुए प्रत्याशी भवानी सिंह मेघवाल ने निर्दलीय के रूप में नामांकन पत्र जमा कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। एक निर्दलीय सुमन कंवर का नामांकन पत्र जमा हुआ था,लेकिन खारिज हो गया।

सेखाला में भगाराम बनाम भंवरी देवी
सेखाला पंचायत समिति में उप प्रधान पद पर कांग्रेस से भगाराम मेघवाल एवं भाजपा से भंवरी देवी बिश्नोई के बीच सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस से सवाई सिंह गोगा देव ने भी नामांकन पत्र जमा किया था, लेकिन उन्होंने डमी के रूप में फॉर्म भरा था। कांग्रेस से टिकट भगाराम को मिलने पर सवाई सिंह का फॉर्म खारिज किया गया।

आगोलाई में प्रियंका मांजू बनाम भोमाराम
आगोलाई पंचायत समिति में उप प्रधान पद पर कांग्रेस से प्रियंका मांजू कैलाश मांजू ने नामांकन पत्र जमा किया है। वहीं भाजपा समर्थित आरएलपी से भोमाराम साई ने भी नामांकन किया है। इन दोनों के बीच सीधा मुकाबला होगा। इससे पहले आरएलपी से होली मंगलाराम ने भी नामांकन पत्र जमा किया था।

चाबा और ओसियां में कांग्रेस के नामांकन
चाबा पंचायत समिति से उप प्रधान पद पर कांग्रेस प्रत्याशी रबीना ने नामांकन भरा है। वहीं ओसियां पंचायत समिति में उप प्रधान के लिए कांग्रेस से पप्पू देवी पत्नी पदमाराम जाखड़ ने नामांकन पत्र जमा किया है।