Doordrishti News Logo

नकली घी मामले में आरोपी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत

  • राजस्थान हाईकोर्ट
  • अधीनस्थ न्यायालय की कार्रवाई पर रोक

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नकली घी मामले में आरोपी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत। नकली देसी घी बनाने के 11 साल पुराने मामले में आरोपी हेतराम को राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर से बड़ी राहत मिली है। न्यायमूर्ति सुनील बेनीवाल की एकलपीठ ने अधीनस्थ न्यायालय में चल रही कार्यवाही पर रोक लगा दी।

अभियोजन के अनुसार पुलिस थाना मंडोर, जोधपुर के थाना अधिकारी ने 19 जून 2015 को लक्ष्मी विहार स्थित एक गोदामनुमा मकान में नकली घी बनाने की फैक्ट्री में दबिश देकर प्रतिष्ठित कंपनियों डेयरी बेस्ट और कृष्णा कंपनी के नाम के भारी मात्रा में नकली देसी घी से भरे टिन,खाली टिन, कार्टन,नकली घी बनाने की मशीनें,कूट रचित लेबल, बोलेरो पिकअप व स्कॉर्पियो, जब्त की थी।

इस मामले में पुलिस ने हेतराम को गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 272, 273, 420, 473, 482 तथा कॉपीराइट एक्ट की धारा 51, 52्र, 63 व 68 और ट्रेड मार्क्स एक्ट की धारा 102, 103 व 104 के तहत चालान पेश किया था।

महानगर मजिस्ट्रेट संख्या 6 जोधपुर ने आरोपी को भा.द.स.की धारा 420, 272, 273 से तो आरोप मुक्त कर दिया, लेकिन धारा 473, 482 तथा कॉपीराइट व ट्रेड मार्क्स एक्ट की उपरोक्त धाराओं में आरोप तय करने का आदेश दिया था,जिसके खिलाफ हेतराम ने सेशन कोर्ट में रिवीजन दायर की,जिसे भी,सेंशन कोर्ट ने खारिज कर दिया।

सुरक्षा गार्डों से मारपीट कर सामान लूटने का आरोपी गिरफ्तार

हाईकोर्ट में अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत एवं रेखा साखंला के माध्यम से दायर याचिका पर बहस करते हुऐ अधिवक्ता सारस्वत ने तर्क दिया कि आरोपी का गोदामनुमा मकान से कोई सरोकार नहीं था। गोदाम दिनेश नाम के व्यक्ति ने श्रवण भाटी से किराए पर ले रखा था और दिनेश ने अनुसंधान के दौरान आत्महत्या कर ली थी।

यह भी तर्क दिया गया कि किसी भी कंपनी ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं की थी, पुलिस ने अपनी ओर से कार्रवाई की। जब्त टिनों की असली टिनों से तुलना के लिए एफएसएल जांच भी नहीं करवाई गई।
इन दलीलों का सरकारी वकील ने विरोध किया और कहा कि अधीनस्थ न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों में हस्तक्षेप करने की कोई गुंजाइश नहीं है इसलिए आरोपी द्वारा दायर की गई याचिका को खारिज किया जाए।