ट्रैक पार करने के 915 मामलों में 3.79 लाख रुपये का जुर्माना वसूला
जोधपुर मंडल में आरपीएफ की सख्ती -सीसीटीवी कैमरों से भी रखी जा रही निगरानी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ट्रैक पार करने के 915 मामलों में 3.79 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। रेलवे ट्रैक पार करने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंडल में रेलवे ट्रैक पार करने के कुल 915 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3. 80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करना न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है,बल्कि इससे व्यक्ति की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। कई बार जल्दबाजी में यात्री एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए सीधे पटरियां पार करने लगते हैं। ऐसी लापरवाही से गंभीर दुर्घटना होने की आशंका रहती है। इसे रोकने के लिए आरपीएफ द्वारा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी रेलवे परिसर में गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की पेंशन समस्या समाधान तीन शिविर आज से
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की प्रथम छमाही के दौरान रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत रेलवे ट्रैक पार करने के 235 मामले पकड़े गए। इनमें से 229 मामलों में 37 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया,जबकि 6 मामले विचाराधीन हैं। इसके अतिरिक्त जन विश्वास अधिनियम के तहत विभिन्न स्टेशनों पर पटरी पार करते हुए 680 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई,जिनसे मौके पर ही 3 लाख 41 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार दोनों श्रेणियों में कुल 915 मामलों में कार्रवाई की गई और लगभग 3.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सुरक्षा के लिए निर्धारित मार्गों का करें उपयोग
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करने के लिए शॉर्टकट का उपयोग न करें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए निर्धारित सबवे अथवा पैदल ऊपरी पुल का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक यात्री की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी जल्दबाजी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से सुरक्षित रेल यात्रा के लिए निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, रेलवे ट्रैक से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई है। यात्रियों की सतर्कता और रेलवे नियमों का पालन दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
