भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता नए महापौर

  • कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी को 6 वोटों से हराया
  • कहा दिवाली से पहले रोशनी,सफाई और सड़कें ठीक करवाना प्राथमिकता

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता नए महापौर। जोधपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रसन्न चंद मेहता महापौर चुने गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी को 6 वोटों से हराया। सौ पार्षदों के मतदान में भाजपा को 53 और कांग्रेस को 47 मत प्राप्त हुए हैं।

केमिकल फैक्ट्री में झुलसे 6 गंभीर फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर से जयपुर भेजा

भाजपा के पास 45 अपने और 7 निर्दलीयों का समर्थन था, लेकिन मतदान के दौरान उन्हें एक मत अतिरिक्त मिला है। कांग्रेस के पास 44 पार्षद और तीन उनके समर्थित निर्दलीय थे। कांग्रेस को इस चुनाव में भाजपा की तरह बहुमत नहीं मिला था। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कहने पर कांग्रेस ने जोधपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी को हाइब्रिड फॉर्मूले के तहत महापौर का प्रत्याशी बनाया था।

सोलंकी माली समाज से आते हैं। भाजपा और उसके समर्थित 6 पार्षद माली हैं। उम्मीद थी कि समाज के पार्षदों का समर्थन मिलेगा,लेकिन कांग्रेस का यह दांव नहीं चला। भाजपा अपने 45 और 7 निर्दलीय को एक साथ रखने में कामयाब हुई। साथ ही एक पार्षद का अतिरिक्त समर्थन भी प्राप्त करने में सफलता हासिल कर ली।

जीत के बाद समर्थक कंधे पर बैठाकर उन्हें निगम परिसर से बाहर लेकर आए। मेहता का परिवार भी निगम पहुंचा। उनकी बेटियां दौड़ते हुए पिता के पास पहुंची और गले लगा लिया।

महापौर चुने जाने के बाद प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि अब वे पूरे शहर के महापौर हैं। सभी पार्षद उनके अपने हैं। पहली प्राथमिकता दिवाली से पहले शहर में रोशनी, सफाई और सडक़ें ठीक करवाने की होगी। उन्होंने इसके लिए पार्टी के मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व को भी धन्यवाद दिया। उपमहापौर के चुनाव पर कहा कि जो पार्टी निर्देश देगी उसके अनुरूप चयन किया जाएगा।

भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि चुनाव के पहले दिन से तय था कि महापौर भाजपा का बनेगा। आज इस सफलता पर वे पूरे शहर को धन्यवाद देते हैं। उपमहापौर के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देश पर कार्यकर्ता को इसके लिए मौका दिया जाएगा।

कांग्रेस ने लगाया गोपनीयता भंग करने का आरोप
महापौर के लिए वोटिंग के दौरान मतपत्रों की गोपनीयता को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने मतदान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मतपत्रों पर जानबूझ कर क्रमांक (सीरियल नंबर) डाले गए हैं। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और पार्षद नरेश जोशी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि चुनावी इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को मिला है जब किसी पार्षद को जारी किए गए मतपत्र पर क्रमांक अंकित किया गया हो। इस प्रक्रिया से मतदान की गोपनीयता पूरी तरह खत्म हो गई है, क्योंकि अब आसानी से यह पता लगाया जा सकता है कि किस पार्षद ने किसे वोट दिया है।

जोशी ने इसे सरकार की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि इस मामले को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सामने रखा जाएगा और आगे की कानूनी या राजनीतिक रणनीति तय की जाएगी। जोशी ने कहा कि हम इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बात कर आगे निर्णय लेंगे।

जोधपुर महापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग की सबसे ज्यादा संभावनाएं थीं। ऐसे में मतपत्रों पर क्रमांक लगाने की इस व्यवस्था को पार्षदों पर दबाव बनाने और उनके वोट की पहचान करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस विवाद का सीधा असर कल होने वाले उपमहापौर के चुनाव पर भी पड़ेगा।

महापौर पद के मतदान के दौरान अंतिम मत भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता ने दिया। कांग्रेस से प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सोलंकी स्वयं पार्षद नहीं है ऐसे में उन्होंने वोट नहीं डाला।

जोधपुर के विकास को मिलेगी नई गति: शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने निर्वाचित महापौर प्रसन्न चंद मेहता एवं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और अशेष शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

उन्होंने कहा कि प्रसन्नचंद मेहता के साथ काम करने का उनका लंबा अनुभव है। वे कर्मशील और ईमानदार जनसेवक हैं तथा जोधपुर के जन-मन से भली- भांति जुड़े हुए हैं। इस महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन के लिए वे सर्वथा योग्य हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नित नए अध्याय लिख रहा है। इस विकास यात्रा को जोधपुर की शहर सरकार भी नई गति प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि जोधपुर के नागरिकों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को पूरा करने तथा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए नागरिकों ने जिस विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे हम सभी मिलकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने के लिए संकल्प बद्ध हैं।

Related posts: