5 हजार का फरार इनामी नकबजन गिरफ्तार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),5 हजार का फरार इनामी नकबजन गिरफ्तार। पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित एवं ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी नकबजन को दस्तयाब किया है। आरोपी शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सोईन्तरा गांव स्थित आशापुरा माताजी मंदिर में रात के समय घुसकर नकबजनी करने के प्रकरण में फरार चल रहा था।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के निकट सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में डीएसटी के कांस्टेबल चुतराराम से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी खेतसिंह नगर, थाना शेरगढ़ निवासी सफी खां पुत्र लतीफ खां को बालेसर से दस्तयाब किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकडऩे के दौरान टीम ने रेतीले धोरों में करीब 3 किलोमीटर तक पैदल पीछा किया, जिसके बाद उसे पकड़ा गया। दस्तयाब आरोपी को अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस थाना शेरगढ़ को सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपए का ईनाम घोषित था।
