घायल की मौत पर परिजनों का हॉस्पिटल में हंगामा
- रामदेवरा मेले में यात्रियों की सेवा कर लौट रहे थे पांच दोस्त
- अब तक तीन की मौत
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),घायल की मौत पर परिजनों का हॉस्पिटल में हंगामा। शहर में पांच दिन पहले हुए हादसे में घायल एक युवक की अस्पताल में बुधवार सुबह मौत हो गई। सूरसागर थाना क्षेत्र में गोयलों की ढाणी के पास 11 सितंबर को तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी और बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी।
इसमें स्कूटी सवार दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। बाइक सवार घायल जतिन (25) का मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। जतिन की सुबह मौत के बाद परिजनों ने एमडीएम अस्पताल में हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों के मुताबिक जतिन की पत्नी 6 महीने की गर्भवती है और उनका डेढ़ साल का बच्चा भी है।
दो लोगों को नामजद कर कराया केस दर्ज
परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। तीनों युवक रामदेवरा मेले में यात्रियों की सेवा करने के लिए गए थे। लौटते समय हादसा हो गया था।
थानाधिकारी हरीश सोलंकी ने बताया कि सूरसागर थाना क्षेत्र के गोयलों की ढाणी के पास 11 सितंबर की रात को कार ने बाइक और ई- स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इसमें स्कूटी सवार अजय (25) और उम्मेद (18) की मौत हो गई थी। दोनों मौसेरे भाई थे,जो रामदेवरा मेले में यात्रियों की सेवा करने के लिए गए थे।
वापस लौटते समय ये हादसा हो गया था। इस हादसे में तीन और युवक घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लाया गया था। इस मामले में एक घायल जतिन की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद पुलिस ने कार ड्राइवर केशर सिंह निवासी बनाड़ को उसी दिन पकड़ लिया था। उसे कोर्ट में पेश किया गया था जहां उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
परिजनों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसीपी नितिशा जाखड़ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
