Doordrishti News Logo

फैक्ट्री में 100 फीट से गिरे फिटर की मौत

रातभर प्रदर्शन के बाद पत्नी को 41 लाख मुआवजे पर बनी सहमति

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फैक्ट्री में 100 फीट से गिरे फिटर की मौत। बोरुंदा थाना क्षेत्र के घोड़ावट स्थित फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर एक फिटर 100 फीट की ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत फैक्ट्री की एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

नूर मोहम्मद की मौत की सूचना पर परिजन और ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को बोरुंदा अस्पताल से घोड़ावट स्थित फैक्ट्री परिसर ले गए। वहां शव रखकर सैकड़ों ग्रामीणों और मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में खवासपुरा निवासी 48 साल के नूर मोहम्मद पुत्र रमजान खान की मौत हुई है। घटना की सूचना पर अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक रामेश्वर लाल, बिलाड़ा वृताधिकारी मनीष देव,भोपालगढ़ वृताधिकारी गुलाबाराम, बोरुंदा थानाधिकारी सुजानाराम,पीपाड़ थानाधिकारी सीताराम और आसोप थानाधिकारी सुरेंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ फैक्ट्री पहुंचे।

5 हजार का फरार इनामी नकबजन गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों को समझाने की कोशिश की।
फैक्ट्री प्रबंधन,परिजनों और ग्रामीणों के बीच देर रात तक दो-तीन बार बातचीत हुई,लेकिन सहमति नहीं बन पाई। आखिरकार बुधवार अल सुबह ग्रामीणों के साथ लिखित समझौता हुआ। इसमें मृतक की पत्नी को कुल 41 लाख रुपए (जिसमें 25 लाख ठेकेदार की ओर से और 16 लाख बीमा राशि व अन्य मद से) और पेंशन देने पर सहमति बनी।

फैक्ट्री प्रबंधन व ग्रामीण, परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद शव को घोड़ावट फैक्ट्री से पीपाड़ शहर के राजकीय अस्पताल में ले जाया गया जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया गया।