मेघ ऋषि जयंती पर सूर्यनगरी हुई मेघमय

रावण का चबूतरा में उमड़ा समाज का सैलाब

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मेघ ऋषि जयंती पर सूर्यनगरी हुई मेघमय। मेघ ऋषि शिक्षा एवं कल्याण संस्थान की ओर से रावण का चबूतरा मैदान में आयोजित मेघ ऋषि जयंती समारोह में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए संयोजक सोहनलाल लखानी ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सात संकल्प दिलाए जिसमें शिक्षा को बढ़ावा, नशामुक्त समाज, मृत्युभोज जैसी कुप्रथा का बहिष्कार,बच्चों में संस्कार व अनुशासन, मोबाइल का सीमित उपयोग, आपसी विवादों को संवाद से सुलझाना और पर्यावरण संरक्षण शामिल था।

पुनर्मतदान में 72.39 प्रतिशत मतदान

प्रदेशाध्यक्ष कालूराम सोनेल ने समाज की विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जयंती केवल उत्सव नहीं,बल्कि महापुरुषों के विचारों को अपनाने का अवसर है। युवाओं को संतों-वीरों की स्मृतियों को सहेजने और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का आह्वान किया गया।

नीतू दैया ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षित,सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया और दहेज,घरेलू हिंसा, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूक रहने को कहा। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ने युवाओं को रोजगार और तकनीकी शिक्षा के गुर बताए। तुलसीराम चौहान ने सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

दोपहर में कलश यात्रा के साथ शहर के मुख्य मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकली,जिससे शहर मेघमय हो गया। हाथी,घोड़े और ऊंटों पर सवार संत-महात्माओं की शाही सवारी ने सबका मन मोह लिया।मेघवाल एकीकरण ऐप की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई।

समारोह में पूर्व विधायक आत्मा राम मेघवाल,नथमल खीची, महामंडलेश्वर आत्माराम उपाध्याय,आचार्य ओम महाराज,महामंडलेश्वर अमरा राम सहित प्रदेशभर से हजारों लोग उपस्थित थे।