प्रसूताओं की मौत और संक्रमण चिंताजनक: गहलोत
- स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का लगाया आरोप
- अस्पताल का किया दौरा -चिकित्सा मंत्री के बयान की निंदा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रसूताओं की मौत और संक्रमण चिंताजनक: गहलोत। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में प्रसूताओं की तबीयत बिगडऩे के मामले में राज्य सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने जिला अस्पताल पावटा का दौरा कर वहां भर्ती प्रसूताओं से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछकर परिजनों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
इसे भी पढ़ें –प्रसूताओं के उपचार व स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग
पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि कोटा में प्रसूता महिलाओं की मौत और गंभीर संक्रमण बेहद चिंताजनक है।महिलाएं सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल जाती हैं,लेकिन यदि वहां संक्रमण व मौत हो जाए या किडनी फेल जैसी स्थिति हो जाए तो यह अत्यंत गंभीर है।
बीकानेर और अब जोधपुर से भी ऐसे मामले सामने आने लगे हैं। जिससे जनता में भय है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कोटा की घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या थे? संक्रमण,ऑपरेशन थिएटर की गड़बड़ी या दवाइयों में कोई समस्या थी,इसकी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए।
बिना जांच पूरी हुए यह कहना कि जोधपुर की घटना कोटा जैसी नहीं है, उचित नहीं है। स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही को जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और आवश्यकता पडऩे पर कांग्रेस आंदोलन करेगी। पूर्व सीएम गहलोत ने चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बयान लगातार विवादों में रहे हैं।
