प्रसूताओं के उपचार व स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग
अतिरिक्त जिला कलक्टरों ने अस्पतालों में लिया व्यवस्थाओं का जायजा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रसूताओं के उपचार व स्वास्थ्य की सतत मॉनिटरिंग। कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन के निर्देशानुसार पावटा जिला अस्पताल में सी-सेक्शन के उपरांत प्रभावित हुई प्रसूताओं के उपचार, स्वास्थ्य स्थिति एवं उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जिला प्रशासन द्वारा निरंतर एवं उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन का पूरा फोकस सभी मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराने पर है।
इसे भी पढ़िए – मानसून में रेल सुरक्षा को लेकर जोधपुर मंडल अलर्ट
इसी क्रम में मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर-प्रथम) दौलत राम चौधरी ने पावटा जिला अस्पताल तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) अंजुम ताहिर सम्मा ने एम्स का दौरा कर भर्ती प्रसूताओं के स्वास्थ्य,उपचार एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर-प्रथम) दौलत राम चौधरी ने पावटा जिला अस्पताल में भर्ती छह प्रसूताओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा कार्मिकों के साथ बैठक कर मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति,उपचार प्रोटोकॉल,नियमित जांच एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज की चौबीसों घंटे सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) अंजुम ताहिर सम्मा ने एम्स में भर्ती दो प्रसूताओं से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने परिजनों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं एम्स प्रशासन उनके उपचार एवं देखभाल के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मेडिकल बुलेटिन जारी करने के निर्देश दिए, जिससे उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति की अद्यतन जानकारी पारदर्शिता के साथ साझा की जा सके।
