मानसून में रेल सुरक्षा को लेकर जोधपुर मंडल अलर्ट

  • 15 दिवसीय विशेष अभियान बुधवार से
  • 24 जून से 8 जुलाई तक संवेदनशील रेलखंडों पर विशेष गश्त व निरीक्षण,
  • जीपीएस ट्रैकिंग से ट्रैक सुरक्षा तक रहेगी कड़ी निगरानी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मानसून में रेल सुरक्षा को लेकर जोधपुर मंडल अलर्ट। मानसून के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में 24 जून से 8 जुलाई तक 15 दिवसीय विशेष सुरक्षा अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।

 इसे भी पढ़ें –RPSC एनेस्थीसिया ब्रांच में 4 डॉक्टरों का चयन

अभियान के तहत भारी बारिश,जलभराव,चक्रवाती प्रभाव,भूस्खलन तथा अन्य मौसमजनित जोखिमों से रेल संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अभियान में परिचालन,इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार,यांत्रिक तथा विद्युत विभागों की टीमों को शामिल किया गया है। संवेदनशील रेलखंडों और चिन्हित स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रमुख कर्मचारियों और गश्ती कर्मियों के पास जीपीएस ट्रैकर की उपलब्धता तथा उसकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एनीमोमीटर सहित आवश्यक उपकरणों की जांच की जाएगी तथा स्टेशन कर्मचारियों और संबंधित स्टाफ को मानसून के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में निर्देश दिए जाएंगे।

अभियान के दौरान चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त की जाएगी और आवश्यकता अनुसार स्थायी चौकीदार भी तैनात किए जाएंगे। भूस्खलन, पहाड़ी खिसकने और चट्टान गिरने की आशंका वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। मौसम विभाग से प्राप्त अग्रिम चेतावनियों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रात्रिकालीन फुटप्लेट निरीक्षण बढ़ेगा
इसके अलावा जलभराव से ट्रैक सर्किटिंग प्रभावित न हो,इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। लोकोमोटिव एवं डीएमयू में वाइपर,एयर ड्रायर,रूफ क्लैंप और सैंडिंग गियर की कार्यशीलता की जांच भी अभियान का हिस्सा रहेगी। संवेदनशील रेल खंडों पर विशेषकर रात्रि के दौरान फुटप्लेट निरीक्षण बढ़ाया जाएगा।

अभियान के दौरान निरीक्षण संबंधी जानकारी प्रतिदिन ऑनलाइन दर्ज की जाएगी तथा अभियान समाप्ति के बाद विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी।

Related posts: