Doordrishti News Logo

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जोधपुर मंडल पर चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेन

  • री-नीट परीक्षा 2026
  • बाड़मेर-भगत की कोठी- बाड़मेर,भगत की कोठी- जयपुर(एकतरफा) व जोधपुर-सांगानेर-जोधपुर ट्रेनों के संचालन से मिलेंगी सुविधा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जोधपुर मंडल पर चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेन।री-नीट परीक्षा- 2026 में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेल प्रशासन का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर,सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत जोधपुर मंडल पर तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अभ्यर्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए बाड़मेर-भगत की कोठी-बाड़मेर, भगत की कोठी-जयपुर तथा जोधपुर-सांगानेर-जोधपुर स्टेशनों के बीच विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को नियमित ट्रेनों की भीड़ से राहत मिल सके।

पटरियों पर पत्थर रख रेल संचालन बाधित करने के मामले में दो किशोर पकड़े

बाड़मेर-भगत की कोठी-बाड़मेर के बीच परीक्षा स्पेशल
ट्रेन संख्या 04843 बाड़मेर-भगत की कोठी परीक्षा स्पेशल 21 जून को सुबह 5.30 बजे बाड़मेर से रवाना होकर सुबह 9.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04844 उसी दिन शाम 7.20 बजे भगत की कोठी से प्रस्थान कर रात 11.30 बजे बाड़मेर पहुंचेगी। ट्रेन रास्ते में बायतु, बालोतरा,समदड़ी और लूनी स्टेशन पर ठहरेगी। एलएचबी रैक की इस ट्रेन में यात्रियों के लिए 5 जनरल के साथ-साथ 6 स्लीपर डिब्बे अनारक्षित रखे जाएंगे।

भगत की कोठी-जयपुर (एकतरफा) स्पेशल में अनारक्षित स्लीपर सुविधा
ट्रेन संख्या 04841 भगत की कोठी-जयपुर (एकतरफा) परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 6.45 बजे भगत की कोठी से रवाना होकर देर रात 12.45 बजे जयपुर पहुंचेगी। ट्रेन जोधपुर, राईका बाग,बनाड़,गोटन, मेड़ता रोड,डेगाना, मकराना,कुचामन और फुलेरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में जनरल और स्लीपर श्रेणी के सभी डिब्बे अनारक्षित रहेंगे तथा 8 कोच के साथ 2 एसएलआर लगाए जाएंगे।

जोधपुर-सांगानेर-जोधपुर के बीच एक ट्रिप विशेष रेल सेवा
ट्रेन संख्या 04845 जोधपुर-सांगानेर परीक्षा स्पेशल शनिवार 20 जून को रात 11 बजे जोधपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे सांगानेर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04846 शाम 7 बजे सांगानेर से चलकर रात 1.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 10 डिब्बे लगाए गए हैं,जिनमें जनरल, अनारक्षित स्लीपर तथा गार्ड एसएलआर कोच शामिल हैं। ट्रेन आवागमन में राईका बाग,बनाड़, गोटन,मेड़तारोड,रेन,डेगाना,मकराना,कुचामन जईटी, नावा सिटी, फुलेरा व जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन संचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें तथा अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए समय से स्टेशन पहुंचकर यात्रा करें।