जोधपुर मंडल में 1500 पौंधे लगाए
- रेलवे का हरित संकल्प
- एक पेड़ मां के नाम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल में 1500 पौंधे लगाए। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 पर उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल ने पर्यावरण पखवाड़े के तहत 1500 पौधों का रोपण किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’अभियान के अंतर्गत जूट बैग बांटकर प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश दिया गया।
15 मई से 5 जून तक चले पखवाड़े में जल संरक्षण, ऊर्जा बचत,कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और सिंगल यूज प्लास्टिक रोकने पर जागरूकता कार्यक्रम हुए। कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों,स्टेशनों और रेल प्रतिष्ठानों में पौधरोपण किया गया।
शुक्रवार को वर्कशॉप कॉलोनी में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, एडीआरएम करनी राम और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सीताराम बुनकर समेत अधिकारियों- कर्मचारियों ने पौधे लगाए। कर्मचारियों को जूट बैग वितरित किए गए।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक दिन का कार्यक्रम नहीं,बल्कि हर नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ को प्रकृति संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव का अनूठा संदेश बताया। सभी ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
रूडिप ने एसपीएस नान्दड़ी में रोपे फलदार पौधे
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पॉवर) जोगेंद्र मीणा ने बताया कि निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मंडल कार्यालय में कर्मचारियों को एक-एक पौधा देकर घरों में भी रोपण के लिए प्रेरित किया।
जैसलमेर,बाड़मेर,नागौर, पाली,भगत की कोठी, मेड़ता रोड स्टेशनों के अलावा डीजल शेड भगत की कोठी,डेमू शेड मेड़ता रोड और भगत की कोठी ट्रिप शेड में भी पौधरोपण हुआ। स्वास्थ्य निरीक्षकों और स्टेशन कर्मचारियों ने जागरूकता रैलियां निकालीं।रेलवे का उद्देश्य केवल हरित आवरण बढ़ाना नहीं,बल्कि जनभागीदारी और जागरूकता को सशक्त बनाना है।
