उदयपुर में डॉक्टरों पर हमला: आईएमए जोधपुर में आक्रोश

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),उदयपुर में डॉक्टरों पर हमला: आईएमए जोधपुर में आक्रोश। उदयपुर में आईएमए राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.आनंद गुप्ता,डॉ.जेपी शर्मा और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए हिंसक हमले को लेकर आईएमए जोधपुर शाखा ने कड़ा विरोध जताया है।

संगठन ने इसे संपूर्ण चिकित्सा समुदाय पर गंभीर आघात बताया। आईएमए जोधपुर ने कहा कि दिन रात सेवा में जुटे चिकित्सकों पर हमले चिंता जनक हैं। अस्पतालों में हिंसा से डॉक्टरों का मनोबल गिरता है और मरीजों की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

मारवाड़ गौरव व गौ सेवा सम्मान शनिवार को

पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें अवैध जमाव,दंगा,घातक हथियार से हमला,हत्या का प्रयास और राजस्थान चिकित्सा संस्थान एवं सेवाकर्मी सुरक्षा अधिनियम 2008 की धाराएं शामिल हैं। आईएमए ने त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया।संगठन ने मांग की है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों,उन्हें भड़काने वालों और सहयोगियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी हो। कठोरतम कानूनी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

आईएमए जोधपुर अध्यक्ष डॉ.सिद्धार्थ राज लोढ़ा और सचिव डॉ.प्रदीप जैन ने डॉ. आनंद गुप्ता,डॉ.जेपी शर्मा और उदयपुर के चिकित्सक समुदाय के साथ एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन हर वैधानिक कदम उठाएगा। आईएमए ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों पर हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। चिकित्सकों का सम्मान करें और स्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षित रखें।