रानीखेत एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव,अब एलएचबी रैक से दौड़ेगी ट्रेन

  • 1 अगस्त से शुरू होगा नया संचालन
  • सफर होगा ज्यादा सुरक्षित,आरामदायक और हाईस्पीड

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रानीखेत एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव,अब एलएचबी रैक से दौड़ेगी ट्रेन। राजस्थान को उत्तराखंड से सीधे जोड़ने वाली काठगोदाम- जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस में उत्तर रेलवे बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब यह ट्रेन पारंपरिक आईसीएफ रैक की जगह अत्याधुनिक एलएचबी रैक के साथ पटरियों पर दौड़ेगी।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन की संरचना में बदलाव किया जा रहा है। ट्रेन का एलएचबी रैक से संचालन काठगोदाम से 1 अगस्त 2026 तथा जैसलमेर से 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा।

परिवार घंटे भर के लिए जागरण में गया चोर 1.20 लाख नगद व जेवरात ले गए

यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 15014/15013 रानीखेत एक्सप्रेस और 25014/25013 रानीखेत लिंक एक्सप्रेस के सभी आईसीएफ रैक को एलएचबी रैक से बदला जाएगा। नई संरचना में रानीखेत एक्सप्रेस में एसी प्रथम,एसी टू टियर,एसी थ्री टियर,स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे,जबकि रानीखेत लिंक एक्सप्रेस एसी थ्री टायर,स्लीपर व जनरल कोच रहेंगे। मुरादाबाद स्टेशन पर लिंक रैक को अलग कर पुनः जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि एलएचबी रैक लगने से राजस्थान,दिल्ली,उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों यात्रियों का सफर ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और तेज होगा।

अधिक सुरक्षित होते हैं एलएचबी रैक
रेलवे के अनुसार एलएचबी कोच पारंपरिक आईसीएफ कोचों की तुलना में अधिक आधुनिक और सुरक्षित माने जाते हैं। इनमें एंटी- टेलिस्कोपिक तकनीक होती है,जिससे दुर्घटना की स्थिति में डिब्बे एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ती है।

इसके अलावा एलएचबी कोच हाईस्पीड संचालन के लिए बेहतर होते हैं और इनमें झटके कम महसूस होते हैं। बेहतर सस्पेंशन सिस्टम के कारण लंबी दूरी के सफर में यात्रियों को अधिक आराम मिलता है। कोचों में शोर कम होता है तथा ब्रेकिंग सिस्टम भी अधिक प्रभावी माना जाता है। इसके अलावा इन कोचों के रखरखाव की गुणवत्ता भी बेहतर होती है,जिससे ट्रेनों की समयपालन क्षमता और संचालन में सुधार आता है।

उत्तराखंड के लिए राजस्थान की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी है रानीखेत एक्सप्रेस
रानीखेत एक्सप्रेस उत्तराखंड को राजस्थान से जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन काठगोदाम,रामनगर,मुरादाबाद, दिल्ली,जयपुर, जोधपुर और जैसलमेर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ती है। पर्यटन सीजन और सैन्य क्षेत्र से जुड़े यात्रियों के बीच भी यह ट्रेन काफी लोकप्रिय मानी जाती है। एलएचबी रैक लगने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अधिक सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिलेगा।