बस में मध्यप्रदेश सेे अफीम दूध ला रहे तस्कर को पकड़ा 1.120 किलो अफीम दूध बरामद
जिला ग्रामीण डीएसटी की कार्रवाई
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बस में मध्यप्रदेश सेे अफीम दूध ला रहे तस्कर को पकड़ा 1.120 किलो अफीम दूध बरामद।जोधपुर ग्रामीण पुलिस की डीएसटी टीम ने ड्रग्स माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.120 किलोग्राम अवैध अफीम दूध बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश से अफीम दूध लेकर आ रहा था।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि डीएसटी की सूचना पर पुलिस थाना कापरड़ा टीम ने कस्बा कापरड़ा में कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत के सुपरविजन एवं डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
बाइक सवार युवक पर पाइप- तलवारों से हमला
डीएसटी की सूचना पर कापरड़ा थानाधिकारी सुनिता डूडी मय जाब्ता द्वारा थाना क्षेत्र के सामने नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान सूचना के आधार पर एक निजी बस को रुकवाकर सुरपुरा थाना जाम्बा,जिला फलोदी निवासी राकेश पुत्र सोनाराम विश्नोई को बस से नीचे उतारकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 1.120 किलोग्राम अवैध अफीम दूध बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही अवैध अफीम दूध की खरीद- फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
