टीएमसी के 8 अस्पतालों में मिलेगा कैशलेस कैंसर इलाज
- रेलवे कर्मचारियों को बड़ी राहत
- महंगे इलाज से राहत
- पूरे देश में एक समान सुविधा लागू
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टीएमसी के 8 अस्पतालों में मिलेगा कैशलेस कैंसर इलाज। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे रेलवे कर्मचारियों,पेंशनर्स और उनके आश्रितों को बड़ी राहत देते हुए भारतीय रेलवे ने देश के प्रमुख संस्थान टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) के आठ अस्पतालों में कैशलेस उपचार सुविधा लागू कर दी है।
रेलवे बोर्ड द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार इस पहल का उद्देश्य कैंसर उपचार को अधिक सरल,सुलभ और किफायती बनाना है ताकि लाभार्थियों को महंगे इलाज के बोझ से राहत मिल सके।
रेलवे बोर्ड के स्वास्थ्य नीति एवं परियोजनाएं निदेशक डॉ.आशुतोष गर्ग के हस्ताक्षर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारतीय रेलवे ने कैंसर उपचार के लिए टीएमसी के साथ करार किया है। इसके तहत अब देशभर के चिन्हित अस्पतालों में लाभार्थियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
रामदेवरा स्टेशन को मिलेगी नई पहचान: 18.84 करोड़ से हो रहा कायाकल्प
इस पूरी व्यवस्था की निगरानी रेलवे बोर्ड के स्वास्थ्य निदेशालय द्वारा की जाएगी,जिससे पूरे देश में एक समान,पारदर्शी और बेहतर कैंसर उपचार प्रणाली सुनिश्चित की जा सके।
इन अस्पतालों में मिलेगी सुविधा
टीएमसी नेटवर्क के तहत रेलकर्मियों को इन संस्थानों में कैशलेस उपचार उपलब्ध रहेगा।
-टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल,मुंबई
-एसीटीआरईसीनवी मुंबई
-होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल,बिहार
-होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल,आंध्र प्रदेश
-होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल,न्यू चंडीगढ़
-महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर,वाराणसी
-होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, संगरूर(पंजाब)
-डॉ.बी.बरोह कैंसर इंस्टीट्यूट, गुवाहाटी
क्यों महत्वपूर्ण है यह फैसला
● कैंसर जैसे महंगे इलाज से आर्थिक राहत
● देश के शीर्ष कैंसर संस्थानों में उपचार सुविधा
● कैशलेस और एकीकृत प्रणाली से पारदर्शिता
●कर्मचारियों,पेंशनर्स और आश्रितों को सीधा लाभ
