उत्तर पश्चिम रेल महाप्रबंधक अमिताभ का निरीक्षण दौरा

  • जोधपुर मंडल के भीलड़ी-समदड़ी- लूणी-जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण
  • संरक्षित रेलखंड के विभिन्न परियोजनाओं में विकसित कार्यों का लिया जायजा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),उत्तर पश्चिम रेल महाप्रबंधक अमिताभ का जोधपुर रेलखंड का निरीक्षण दौरा।उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को जोधपुर मंडल के भीलड़ी-समदड़ी-लूणी- जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 11 घंटे विभिन्न स्टेशनों एवं सेक्शनों पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

जीएम ने भीलड़ी से जोधपुर तक विंडोट्रेलिंग निरीक्षण कर संरक्षा/सुरक्षा मापदंडों का निरीक्षण किया। इस क्रम में महाप्रबंधक ने ओढ़वा स्टेशन का दौरा कर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस अवसर पर रेल सुविधाओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

धनेरा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया तथा स्टेशन अधीक्षक कार्यालय,प्रतीक्षालय एवं निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया तथा रेल सेवाओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित मारवाड़ भीनमाल स्टेशन का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। स्टेशन परिसर में संरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “संरक्षा संवाद” आयोजित किया गया, जिसमें रेलकर्मियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर रेल संचालन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान रेलकर्मियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक आश्वासन भी दिया गया। नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन भी किया गया।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने भीनमाल–लेदरमेर सेक्शन में निर्माणाधीन ब्रिज संख्या 72 का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मोदरान स्टेशन पर नव निर्मित स्टेशन भवन का अवलोकन करते हुए महाप्रबंधक ने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्थानीय संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा रेल मांगो से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।

ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य से दो ट्रेनें रेगुलेट रहेंगी

जालौर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, प्रतीक्षालय एवं फुट ओवर ब्रिज (FOB) का गहन निरीक्षण किया तथा दिशा- निर्देश दिए। बालवाड़ा-मोकलसर सेक्शन में स्थित गेट संख्या सी-24 का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने गेटमैन सुखराम की कार्यप्रणाली की सराहना की एवं उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने गैंग नंबर 5 के कार्यों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से संवाद किया तथा उन्हें 20 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके बाद समदड़ी स्टेशन पर भी महाप्रबंधक ने निरीक्षण कर स्टेशन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक अतुल सक्सेना,प्रमुख मुख्य दूरसंचार इंजीनियर अनुराग गोयल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के.कृष्ण कुमार,प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी संतराम मीणा,प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सीमा शर्मा, मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार,प्रमुख मुख्य इंजीनियर जोगेंद्र सिंह,प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन देवड़ा,मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी,मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।