स्थापना दिवस व अंबेडकर जयंती पर होंगे व्यापक कार्यक्रम-भूपेन्द्र सैनी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्थापना दिवस व अंबेडकर जयंती पर होंगे व्यापक कार्यक्रम-भूपेन्द्र सैनी।भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जोधपुर संभाग के संगठन प्रभारी भूपेन्द्र सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी 6 अप्रैल को स्थापना दिवस एवं 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ.बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती को पूरे प्रदेश में गौरवशाली एवं व्यापक रूप से मनाएगी। वे शनिवार को जोधपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। इस दौरान देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी,जिला महामंत्री ओम प्रकाश देया,गौरव जैन मौजूद थे।
चौपासनी मंडल प्रशिक्षण शिविर सफलता पूर्वक संपन्न
सैनी ने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5 से 7 अप्रैल तक सभी मंडलों,जिला एवं प्रदेश कार्यालयों को सजाया जाएगा तथा 6 अप्रैल को कार्यालयों एवं कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। 6 अथवा 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर स्थापना दिवस मनाएंगे। इसके पश्चात 8 व 9 अप्रैल को प्रत्येक जिले में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं पार्टी की कार्यशैली ‘सबका साथ, सबका विकास’ विषय पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक “गांव/बस्ती चलो अभियान” चलाया जाएगा,जिसके अंतर्गत जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे,वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क स्थापित करेंगे।
डॉ.बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर 13 अप्रैल को उनकी प्रतिमाओं एवं परिसरों की स्वच्छता कर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 14 अप्रैल को सभी कार्यालयों एवं बूथों पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ एवं उनके व्यक्तित्व पर परिचर्चा आयोजित होगी। इसके अतिरिक्त कार्यकर्ताओं द्वारा दलित बस्तियों एवं छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
सैनी ने बताया कि 20 अप्रैल से पूर्व प्रत्येक जिला केंद्र पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा,जिनमें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों एवं बाबा साहेब के सम्मान में विकसित ‘पंचतीर्थ’जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु राष्ट्रीय स्तर पर समन्वयकों की नियुक्ति भी की गई है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
