हत्या के बाद फूटा राजपूत समाज का गुस्सा,पुलिस से बहस
- रावल सिंह हत्याकाण्ड
- मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे
- मंत्री के आश्वासन पर शव उठाने को हुए तैयार
- हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज)फलोदी में शनिवार को हुए रावल सिंह हत्याकांड के बाद रविवार को समाज के लोग मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि मृतक के साथ पिछले साल नवंबर में बदमाशों ने मारपीट कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए थे,लेकिन पुलिस ने मिलीभगत कर आरोपियों को थाने से ही छोड़ दिया। परिजनों और समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी,मृतक के आश्रितों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग की।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से बहस हो गई। धरनार्थियों ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को लेकर भी नाराजगी जताई। शाम को कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया और शव उठाने को तैयार हुए।
यह है मामला
फलोदी जिले के लोहावट विधान सभा के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भीकमकोर गांव में शनिवार को हुई फायरिंग में नौसर निवासी 26 वर्षीय रावल सिंह पुत्र नरपत सिंह की मौत हो गई थी। गोली उसके सिर और सीने में लगी थी। उपचार के लिए उसे एमडीएम अस्पताल लाया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद समाज के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
मारपीट के बाद हाथ पैर तोड़े
मारवाड़ राजपूत सभा भवन के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा ने बताया कि रावल सिंह के साथ पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए थे। इस मामले में पुलिस की ओर से लापरवाही बरती गई। जिसके चलते आरोपियों को जमानत मिल गई और अब रावल सिंह को जान गंवानी पड़ी।
समाज के नेता शंभूसिंह मेड़तिया ने कहा कि इस मामले में पुलिस और अपराधियों का गठजोड़ दिख रहा है। ओसियां क्षेत्र में अपराध पनप रहा है,लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस घटना से पूर्व में मृतक रावलसिंह के हाथ-पांव तोड़ दिए गए,लेकिन पुलिस,डॉक्टर आदि की मिलीभगत से आरोपियों को थाने में ही फ्री कर दिया गया। इस घटना के बाद अपराधियों के हौंसले बुलंद हुए। जिसके बाद उन्होंने इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ का जोधपुर पहुंचने पर भाजपा ने किया स्वागत
दिनभर धरना प्रदर्शन, मंत्री ने दी फोन पर जानकारी
दिनभर चले धरने में कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और समाज के लोगों से समझाइश का प्रयास किया। अंतत: कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर द्वारा दूरभाष पर आश्वासन दिए जाने पर सभी ने विश्वास जताते हुए धरना समाप्त कर दिया। मंत्री ने संविदा पर नौकरी व वित्तीय सहयोग के लिए आश्वासन दिया। खींवसर ने इस प्रकरण में हुई कार्रवाई की जानकारी समाज के लोगों को फोन पर दी। चिकित्सा मंत्री ने फोन पर बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
समाज की मांग पर फलोदी कलेक्टर ने सरकार से परिवार को आर्थिक प्रदेश देने का प्रस्ताव बनाकर भेजा है,साथ ही मृतक के परिवार को संविदा पर नौकरी देने की बात चिकित्सा मंत्री ने कही। जिसके बाद मारवाड़ राजपूत महासभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। साथ ही मामले से जुड़ी पुलिस कार्रवाई की भी जानकारी परिजनों से साझा की।
