गैस आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश-जिला रसद अधिकारी

घरेलू गैस वितरण,निगरानी व समन्वय व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),गैस आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश-जिला रसद अधिकारी।मध्य-पूर्व में जारी युद्ध की स्थिति को देखते हुए जिले में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशानुसार जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा की अध्यक्षता में मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में गुरुवार को आयल मार्केटिंग कंपनीज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संभावित प्रभावों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिले में गैस वितरण एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान जिला रसद अधिकारी (द्वितीय),जोधपुर श्री अश्विनी गुर्जर भी मौजूद थे।

समन्वय बनाए रखने के निर्देश
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला रसद अधिकारी और तेल कंपनियों के अधिकारियों के बीच प्रतिदिन समन्वय रखा जाए, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

कंट्रोल रूम की सतत मॉनिटरिंग
उन्होंने घरेलू गैस से संबंधित शिकायतों के लिए संचालित कंट्रोल रूम की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आमजन से अपील की कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना 112,181, 0291- 2650349,2650350 तथा 1445 हेल्पलाइन नंबरों पर दी जा सकती है।

एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग अब UPI व अन्य माध्यमों से भी संभव-रसद अधिकारी

अफवाहों पर कड़ी निगरानी
जिला रसद अधिकारी ने मीडिया एवं सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पैनिक पैदा करने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन किया जाए,ताकि आमजन में अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।

डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन किया गया है। यह यूनिट अवैध भंडारण,अवैध रिफिलिंग तथा कालाबाजारी पर 24 घंटे निगरानी रखेगी। साथ ही संभावित अवैध रिफिलिंग स्थलों का नियमित निरीक्षण भी किया जाएगा।

सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुदृढ़
जिला रसद अधिकारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि एलपीजी सिलेंडरों से भरे वाहनों की सुरक्षा और उनके मूवमेंट पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील
जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस आपूर्ति को लेकर घबराहट में आकर अनावश्यक भंडारण करने से बचें।