जोधपुर मंडल में महिलाओं ने संभाली पूरी ट्रेन की कमान
महिला शक्ति की रफ्तार
- महिला दिवस पर जोधपुर- भोपाल ट्रेन में महिला रेल कर्मचारियों ने दिखाई कार्यकुशलता
- महिलाओं को आगे लाने की दिशा में जोधपुर मंडल का अनूठा नवाचार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल में महिलाओं ने संभाली पूरी ट्रेन की कमान। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा महिला सम्मान की एक अनूठी पहल की गई। इसके तहत गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में जोधपुर से जयपुर तक गाड़ी में कार्यरत सभी पदों पर महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई।
इस विशेष पहल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की कार्यकुशलता को सम्मान देने का संदेश दिया गया।
ट्रेन के प्रस्थान से पहले जोधपुर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों एवं महिला कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा गाड़ी संख्या 14813 को सम्मान पूर्वक नियत समय पर रवाना किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।
इस विशेष ट्रेन में सहायक लोको पायलट रेखा कुमारी ने इंजन की कमान संभाली। ट्रेन मैनेजर के रूप में रामिला कुमारी मीना ने संचालन की जिम्मेदारी निभाई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आरपीएफ एस्कॉर्ट में कांस्टेबल सुनीता और कांस्टेबल गंगा कुमारी यात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहीं।
ट्रेन के डिब्बों में टिकट जांच की जिम्मेदारी महिला टीटीई रचना, प्रिया चौहान,बसंती टाक और दीपाली ने संभाली। इन सभी महिला कर्मचारियों ने जोधपुर से जयपुर स्टेशनों के बीच निर्भयता और सजगता के साथ अपनी ड्यूटी को सफलता पूर्वक अंजाम दिया और महिला सामर्थ्य का प्रभावी परिचय दिया। इस अवसर पर जोधपुर रेलवे स्टेशन की संचालन व्यवस्था भी महिला अधिकारी को सौंपी गई, जहां स्टेशन मास्टर नेहा पारीक ने जिम्मेदारी संभालते हुए स्टेशन संचालन का कार्य देखा।
सैल्फ डिफेंस व अपराध जागरूकता कार्यशाला आयोजित
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल में वर्तमान में लगभग साढ़े तीन सौ महिला कर्मचारियों का कैडर विभिन्न विभागों में कार्यरत है और उन्हें सुरक्षित तथा सकारात्मक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
रविवार को जोधपुर से जयपुर तक अपनी जिम्मेदारी का सफलता पूर्वक निर्वहन करने के बाद महिला कर्मचारियों की यह टीम जयपुर में विश्राम करेगी। इसके बाद सोमवार को गाड़ी संख्या 14814 भोपाल- जोधपुर एक्सप्रेस में जयपुर से ड्यूटी करते हुए यह टीम पुनः जोधपुर लौटेगी।
ट्रेन के प्रस्थान के समय महिला कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए रेलवे के कई अधिकारी भी उपस्थित थे। इनमें मंडल परिचालन प्रबंधक हीरालाल,सहायक वाणिज्य प्रबंधक बीके गौड़,सहायक परिचालन प्रबंधक उमराव मीणा,मुख्य लोको निरीक्षक (सीसीसी) सुनील कुमार जैन,मुख्य लोको निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा,सीटीआई पदम सिंह तथा उप वाणिज्य अधीक्षक (वाणिज्य) दिनेश मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
महिला कर्मचारियों के साहस, समर्पण व आत्मविश्वास की ट्रेन पटरी पर दौड़ी
जोधपुर मंडल की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है, जिसने यह संदेश दिया कि अवसर और विश्वास मिलने पर महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। जब यह ट्रेन जोधपुर से रवाना हुई तो यह केवल यात्रियों को लेकर चलने वाली रेलगाड़ी नहीं थी,बल्कि महिलाओं के साहस,समर्पण और आत्मविश्वास की एक चलती- फिरती मिसाल बन गई। रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
