राष्ट्रीय स्तर पर जोधपुर की दो बालिकाओं का चयन
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राष्ट्रीय स्तर पर जोधपुर की दो बालिकाओं का चयन। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2026 के लिए जोधपुर जिले की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। राज्य विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जोधपुर की प्रतिभागी दर्शना राजपुरोहित ने प्रथम तथा राजबाला ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अब दोनों प्रतिभागी भारतीय संसद,नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की यूथ पार्लियामेंट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के अंतर्गत जोधपुर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महाविद्यालय,जोधपुर द्वारा किया गया था। इस प्रतियोगिता में चयनित पाँच श्रेष्ठ प्रतिभागियों में से दर्शना राजपुरोहित और राजबाला ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम और तृतीय स्थान हासिल किया।
विधिक माप विज्ञान विभाग का औचक निरीक्षण,दो फर्मों पर 14 हजार रुपये का जुर्माना
दर्शना राजपुरोहित जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर में राजनीति विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की छात्रा हैं। वे इससे पूर्व नेशनल एनवायरमेंट यूथ पार्लियामेंट में भी राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। दर्शना ने एनसीसी 2 राज आर एंड वी स्क्वाड्रन,जोधपुर से ‘सी’ प्रमाण पत्र प्राप्त किया है तथा रिपब्लिक डे 2024 में बेस्ट कैडेट ऑफ जोधपुर का सम्मान भी हासिल कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वे रॉबिन हुड आर्मी जैसे सामाजिक संगठनों से जुड़कर जरूरतमंद बच्चों एवं वंचित वर्गों की सहायता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
राजबाला इतिहास (ऑनर्स) की छात्रा हैं। वे भी नेशनल एनवायरमेंट यूथ पार्लियामेंट में राज्य स्तर तक अपनी सहभागिता दर्ज करा चुकी हैं। राजबाला एनसीसी की कैडेट रह चुकी हैं तथा राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं।
राजकीय महाविद्यालय जोधपुर के प्राचार्य प्रो.अरुण व्यास ने बताया कि विगत वर्ष भी दर्शना और राजबाला ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के अंतर्गत राज्य विधानसभा में सहभागिता की थी, किंतु अंतिम चयन नहीं हो पाया था। दोनों छात्राओं ने एक वर्ष तक लगातार मेहनत और तैयारी जारी रखी, जिसका परिणाम इस वर्ष उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन के रूप में सामने आया है।
युवा भारत के उपनिदेशक राजेश चौधरी ने बताया कि राजस्थान से कुल तीन प्रतिभागियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है,जिनमें से दो जोधपुर जिले की हैं। यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। दोनों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से न केवल जोधपुर बल्कि पूरे राजस्थान को गौरवान्वित किया है।
