एक दिन में 6.92 लाख रुपए की वसूली
- विशेष टिकट जांच अभियान
- पिछले वर्ष के समान दिवस की तुलना में 285 प्रतिशत अधिक वसूली
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एक दिन में 6.92 लाख रुपए की वसूली। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर शनिवार को चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट तथा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
इसके तहत बिना और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों से 6.92 लाख रुपए की उल्लेखनीय वसूली की गई।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में मंडल के विभिन्न स्टेशनों तथा ट्रेनों में टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 1208 बिना टिकट व अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए,जिनसे 6.92 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। यह राशि पिछले वर्ष के इसी दिन की तुलना में 285 प्रतिशत अधिक है तथा मंडल के प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य से 89 प्रतिशत अधिक है।
होली की भीड़ के मद्देनजर स्टेशन पर बना यात्री होल्डिंग एरिया
इस अभियान के तहत सहायक वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवाएं) बीके गौड़ के निर्देशन में गाड़ी संख्या 12324 बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की बालोतरा से जोधपुर (110 किलोमीटर खंड) के बीच विशेष जांच की गई। इस जांच में दो ओपन जांच टीमों तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने भाग लिया। इस एक गाड़ी की जांच के दौरान ही 190 बिना टिकट व अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए और मात्र 110 किलोमीटर के खंड में 1.35 लाख रुपए की उल्लेखनीय वसूली की गई। डीआरएम ने वाणिज्य विभाग की टीम की कार्यकुशलता की सराहना की है।
यात्रियों से अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मान्य टिकट लेकर ही यात्रा करें,ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।
