जन अभियोगों के समन्वित प्रयासों से त्वरित समाधान सुनिश्चित करें-कलेक्टर

जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जन अभियोगों के समन्वित प्रयासों से त्वरित समाधान सुनिश्चित करें-कलेक्टर। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, जन-अभियोगों,शिकायत निवारण तंत्र,न्यायालयी प्रकरणों तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की प्राथमिकता योजनाओं की प्रगति की समग्र समीक्षा की गई।

बैठक में राजस्थान सम्पर्क एवं जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित प्रकरणों,मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एवं वीआईपी प्रकोष्ठ के मामलों, सतर्कता समिति एवं विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण तथ्यों के आधार पर,संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

न्यायालयीन प्रकरणों,अवमानना प्रकरणों एवं पीएलपीसी मामलों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग,प्रभावी पैरवी तथा समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। डीएनएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में राजकीय भवनों पर रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की स्थिति की समीक्षा करते हुए अक्षय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त काली बाई भील उड़ान योजना की प्रगति की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने पर बल दिया गया।

पटवार सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के चयनितों को नियुक्ति आदेश जारी

जिला स्तरीय विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र,राजस्थान निवेश प्रोत्साहन से संबंधित प्रकरणों, नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय समिति तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय डीजीआरसी बैठक के विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी,उपखंड अधिकारी (जोधपुर-दक्षिण) (आईएएस)प्रीतम कुमार,अतिरिक्त जिला कलेक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts: