क्लिंकर लदान में जोधपुर रेल मंडल का नया कीर्तिमान
- दो सौ रैकों से 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित
- टारगेट समय से पहले पूरा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),क्लिंकर लदान में जोधपुर रेल मंडल का नया कीर्तिमान।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सीमेंट निर्माण के प्रमुख घटक क्लिंकर के लदान एवं उससे अर्जित राजस्व के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चालू वित्त वर्ष में क्लिंकर के अब तक 200 रैकों के लदान से मंडल ने 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है,जो गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 53 प्रतिशत अधिक है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मंडल के मेड़ता रोड- बीकानेर रेलखंड स्थित मारवाड़ मूंडवा स्थित मैसर्स अंबुजा सीमेंट लिमिटेड गति शक्ति कार्गो टर्मिनल साइडिंग से क्लिंकर लदान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके चलते लदान किए जाने वाले रैकों की संख्या और इससे राजस्व में निरंतर वृद्धि हो रही है।
निशु कंवर राज्य स्तर की श्रेष्ठ सीओ के रूप में सम्मानित
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से जनवरी तक 10 माह की अवधि में इस साइडिंग से क्लिंकर के कुल 200 रैकों का लदान अंबाला,दिल्ली एवं लखनऊ क्षेत्रों की विभिन्न साइडिंग्स के लिए किया गया। इससे रेलवे को मात्र 10 माह में 90 करोड़ रुपये का उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है जो वर्ष 2024-25 की समान अवधि की तुलना में 31 करोड़ रुपये अधिक है। जबकि इस वित्त वर्ष के अभी दो माह शेष हैं।
निर्धारित लक्ष्य से लदान 73 प्रतिशत अधिक
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार गत वर्ष की तुलना में इस साइडिंग से 84 रैक अधिक लोड किए गए,जिससे राजस्व में भी 31 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि जोधपुर मंडल को इस मद में चालू वर्ष के लिए 4 लाख 64 हजार टन क्लिंकर लदान का लक्ष्य दिया गया था,जिसे पूर्ण करते हुए जनवरी 2026 तक 8 लाख 17 हजार टन क्लिंकर का लदान किया गया,जो निर्धारित लक्ष्य से लगभग 73 प्रतिशत अधिक है।
यह है क्लिंकर और इसका उपयोग
क्लिंकर का प्रमुख उपयोग सीमेंट निर्माण में किया जाता है। इसे जिप्सम तथा अन्य खनिज पदार्थों के साथ पीसकर ओपीसी,पीपीसी एवं अन्य प्रकार की सीमेंट तैयार की जाती है। सीमेंट में मौजूद क्लिंकर उसकी मजबूती, टिकाऊपन और जमने की क्षमता निर्धारित करता है। इसी सीमेंट का उपयोग भवन निर्माण,सड़क,पुल, बांध,रेलवे एवं अन्य आधारभूत ढांचों के निर्माण में किया जाता है। इसके अलावा क्लिंकर का उपयोग रेडी-मिक्स कंक्रीट,प्री-कास्ट कंक्रीट उत्पादों एवं विशेष निर्माण कार्यों में भी किया जाता है।
