96.26 करोड़ रुपये की लागत से पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का होगा पुनर्विकास
- यात्री सुविधाओं में होगा व्यापक विस्तार
- आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित होगा पाली मारवाड़
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),96.26 करोड़ रुपये की लागत से पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का होगा पुनर्विकास। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। इस परियोजना पर कुल 96.26 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत है। कार्य का निष्पादन निर्माण संगठन/उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत स्टेशन भवन का दक्षिण एवं उत्तर दोनों दिशाओं से आधुनिकीकरण किया जाएगा। दक्षिण दिशा में G+1 स्टेशन भवन (3030 वर्गमीटर) तथा उत्तर दिशा में G+1 स्टेशन भवन (1605 वर्गमीटर) का निर्माण प्रस्तावित है। यात्रियों की सुविधा हेतु आगमन एवं प्रस्थान के लिए पृथक ब्लॉकों की व्यवस्था की जाएगी।
सेवानिवृत्त टिकट चेकिंग स्टाफ संगठन का वार्षिक अधिवेशन संपन्न
उन्होंने बताया कि यात्री आवागमन को सुगम बनाने के लिए 6 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण किया जाएगा,जिसमें 4 लिफ्ट एवं 4 एस्केलेटर की सुविधा होगी। प्लेटफार्म पर यात्रियों को मौसम से संरक्षण प्रदान करने हेतु 4308 वर्गमीटर क्षेत्र में कवर ओवर प्लेटफार्म (COP) का निर्माण किया जाएगा।
अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन
जोधपुर मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशन पाली मारवाड़ पर पार्किंग सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। स्टेशन परिसर में दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया एवं लोडिंग ट्रकों के लिए पृथक-पृथक पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्लेटफार्म रिफर्बिशमेंट, पाथवे एवं पार्किंग क्षेत्र का विकास किया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा हेतु प्रतीक्षालय,शौचालय, पीआरएस/यूटीएस काउंटर,बैगेज स्कैनर,डॉरमेट्री, रिटायरिंग रूम, एटीएम एवं व्यावसायिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। इस पुनर्विकास कार्य को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
