रेलवन एप के प्रति रेलयात्रियों का रुझान बढ़ा,टिकट बुकिंग पर मिल रही 3 प्रतिशत की छूट
डिजिटल और कैशलेस टिकटिंग को बढ़ावा देने की दिशा में रेलवे की प्रभावी पहल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवन एप के प्रति रेलयात्रियों का रुझान बढ़ा, टिकट बुकिंग पर मिल रही 3 प्रतिशत की छूट।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों के बीच भारतीय रेलवे द्वारा शुरू किए गए रेलवन मोबाइल एप के उपयोग में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर अनेक रेलवे सेवाएं उपलब्ध होने के कारण जोधपुर,पाली,बालोतरा,बाड़मेर,जैसलमेर,नागौर,मेड़ता,मकराना सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्री तेजी से इस एप को अपना रहे हैं।रेलवन एप से टिकट बुकिंग करने पर किराये में तीन प्रतिशत की छूट मिलने से यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह छूट सुविधा सीमित अवधि के लिए लागू की गई है। इससे जहां यात्रियों को सुविधा मिल रही है, वहीं जोधपुर जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ में भी उल्लेखनीय कमी आई है। रेलवन एप के माध्यम से जोधपुर मंडल के यात्री टिकट बुकिंग के साथ-साथ पीएनआर स्टेटस,लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस,ट्रेन शेड्यूल,कोच पोजिशन, प्लेटफॉर्म जानकारी,स्टेशन सुविधाओं की जानकारी तथा शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने जैसी अनेक सेवाओं का लाभ एक ही एप पर प्राप्त कर रहे हैं।
आईआईटी में सांस्कृतिक महोत्सव ‘इग्नस-26’ 5 से 8 फरवरी को
यात्रियों के अनुसार रेलवन एप का इंटरफेस सरल और उपयोगकर्ता- अनुकूल है। रियल-टाइम जानकारी मिलने से जोधपुर जंक्शन जैसे व्यस्त स्टेशन पर ट्रेनों की स्थिति की सही जानकारी समय पर उपलब्ध हो रही है जिससे अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिल रही है।
शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही:
रेलवन एप के जरिए शिकायत निवारण प्रणाली भी जोधपुर मंडल में प्रभावी सिद्ध हो रही है। यात्री एप के माध्यम से दर्ज की गई शिकायतों की स्थिति स्वयं देख पा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार डिजिटल माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
किराया में तीन प्रतिशत छूट का लाभ लेने लगे यात्री
जोधपुर मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अधिकाधिक संख्या में रेलवन एप का उपयोग कर डिजिटल एवं कैशलेस रेलवे की दिशा में सहयोग करने की अपील की है। यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और 3 प्रतिशत किराया छूट के चलते आने वाले समय में जोधपुर मंडल में रेलवन एप के उपयोग में और वृद्धि होने की संभावना है।
