जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वाली रंगाई-छपाई फैक्ट्री पकड़ी,आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वाली रंगाई-छपाई फैक्ट्री पकड़ी,आरोपी गिरफ्तार। प्रतापनगर सदर पुलिस ने जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक मकान परिसर में संचालित रंगाई-छपाई के काम का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी मोहम्मद याकूब को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को सूचना के आधार पर हमजा मस्जिद के पास एकलव्य भील बस्ती स्थित मकान का निरीक्षण किया गया। मौके पर कपड़ों की रंगाई-छपाई के लिए बनी छोटी होदियों में केमिकल युक्त रंगीन पानी मिला। साथ ही रंगाई-छपाई से निकलने वाले रसायनयुक्त पानी को नाली के जरिए सीवरेज लाइन में डाला जा रहा था।

जोजरी नदी से महज 100 मीटर दूरी पर चल रही टेक्सटाइल फैक्ट्री का खुलासा

मामले की सूचना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने केमिकल युक्त दूषित पानी के नमूने सुरक्षित किए। पुलिस के मुताबिक बिना उपचारित केमिकल युक्त दूषित पानी सीवरेज में छोडऩे से उसके जोजरी नदी तक पहुंचने और नदी के जल को प्रदूषित करने की आशंका पाई गई। इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ आमजन के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा होने की बात सामने आई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता सहित पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम 1974 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की अग्रिम जांच एसआईटी के एडीसीपी प्रवीण कुमार के सुपुर्द की गई।