जल संरक्षण बनेगा जन- आंदोलन: पटेल

वंदे गंगा अभियान

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जल संरक्षण बनेगा जन- आंदोलन: पटेल। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 25 मई से 05 जून तक वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 का व्यापक आयोजन शुरू हो गया है। गंगा दशहरा से विश्व पर्यावरण दिवस तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना,वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना,पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवित करना और आमजन में स्वच्छता तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने इसे जल संरक्षण का अभियान बताते हुए कहा कि यह जन आंदोलन बनेगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रावतों का बास स्थित बाईजी का तालाब पर हुआ,जहां जिला प्रशासन के नेतृत्व में जल स्रोतों और संग्रहण ढांचों की सफाई, श्रमदान और दीप प्रज्ज्ज्वलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्तर पर गतिविधियां शुरू कर दी हैं।

जिसके अंतर्गत नदियों, बांधों और नहरों की सफाई,डी-सिल्टिंग,जल उपयोगिता संगम,पौधा रोपण,जल परीक्षण और जन-जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। नुक्कड़ नाटक, रैलियां,साइकिल यात्राएं, प्रभात फेरियां,जल चौपाल, किसान संगोष्ठियां और स्कूलों में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को जोड़ा जा रहा है।

घर से निकले युवक का शव गगाड़ी पंपिंग स्टेशन नहर में मिला

गौशालाओं,धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता अभियान चलाकर जल स्रोतों के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है।रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड और मंडियों जैसे स्थानों पर वंदे गंगा जल सेवा कार्यक्रम,जल परीक्षण अभियान और वर्षा जल संचयन तकनीकों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।

विभिन्न विभागों द्वारा जल स्वावलम्बन अभियान के अंतर्गत पुराने कार्यों का अवलोकन और नए कार्यों की स्वीकृति भी दी जा रही है,जिससे दीर्घकालिक जल प्रबंधन को मजबूती मिल सके। अभियान के अंतिम चरण में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण,प्लास्टिक मुक्त अभियान,नेचर वॉक और जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जल गौरव सम्मान देकर सम्मानित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आमजन, युवाओं,किसानों,महिलाओं,स्वयंसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है और वंदे गंगा अभियान के माध्यम से जोधपुर जिले के हर गांव और वार्ड तक इस संदेश को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।