फलोदी-जैसलमेर रेलखंड पर अब 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेनें
- गति बढ़ने से यात्रा समय में लगभग 9 मिनट की बचत
- फलोदी स्टेशन का पुनर्विकास भी प्रगति पर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फलोदी-जैसलमेर रेलखंड पर अब 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही ट्रेनें।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में फलोदी-जैसलमेर रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति 100 से बढ़ाकर 110 किमी प्रतिघंटा कर दी गई है। आवश्यक तकनीकी एवं संरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के बाद अब इस रेलखंड पर निर्धारित मानकों के अनुरूप मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन 110 किमी प्रतिघंटा तक की गति से किया जा रहा है।
एक दर्जन से अधिक जिलों में 6 सितंबर तक न्यायिक कार्य से दूरी का ऐलान
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि नई गति सीमा फलोदी- जैसलमेर सेक्शन के किमी 134.29 से 290.46 तक कुल 156.17 किलो मीटर लंबे रेलखंड पर लागू है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार गति बढ़ने से प्रति ट्रेन लगभग 9 मिनट तक समय की बचत होने का अनुमान है। इससे यात्रियों की यात्रा अवधि कम होने के साथ रेल परिचालन में भी समयबद्धता आएगी।
गति वृद्धि के साथ ट्रैक,ब्रिज,ओएचई,सिग्नलिंग सहित संबंधित तकनीकी एवं संरक्षा व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया गया है। ट्रैक रखरखाव एवं संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमित कॉरिडोर ब्लॉक की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि पटरियों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा सके।
आधुनिक सुविधाओं से विकसित हो रहा फलोदी रेलवे स्टेशन
फलोदी रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 18.15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय स्थापत्य एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।
स्टेशन पर 12 मीटर लंबे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण के लिए गर्डर लॉन्चिंग का कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशन भवन में क्लैडिंग एवं नवीनीकरण के साथ वेटिंग हॉल,वेटिंग रूम, स्टेशन अधीक्षक कक्ष एवं अन्य कक्षों के फिनिशिंग कार्य प्रगति पर हैं। सिग्नलिंग एवं विद्युत व्यवस्थाओं को भी सुव्यवस्थित किया जा रहा है।
पुनर्विकास परियोजना के तहत सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग,पोर्च,प्रवेश द्वार, कोच इंडिकेशन बोर्ड, प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं,आधुनिक शौचालय एवं वाटर बूथ जैसी यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
