Doordrishti News Logo
  • जालोरी गेट से नई सड़क़ तक एक ही दिशा में चलना होगा
  • आमने-सामने व वाहन क्रॉसिंग नहीं होगी मान्य

जोधपुर, शहर के यातायात में नई प्रणाली लूपिंग सिस्टम को पुख्ता तौर पर लागू करने से पहले और डीपीआर व टैंडर प्रक्रिया में जाने से पहले प्रशासन इसका एक दिन का ड्राइरन करने जा रहा है। चार मार्च को सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे यानि 12 घंटे के इस पूर्वाभ्यास में जालोरी गेट से नई सड़क़ के बीच तीन अलग-अलग लूप से यातायात गुजरेगा। इसमें एक ही दिशा में वाहन गुजरेंगे।

एक दिन के इस प्रयोग में क्या परेशानी जनता को, व्यापारियों और प्रशासन को आती है, उस हिसाब से आगे का प्रोजेक्ट बनेगा। राज्य सरकार ने हालही बजट में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लूपिंग सिस्टम को लागू करने की घोषणा की है, इससे पहले प्रबुद्धजन के समक्ष मशहूर आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने प्रजेंटेशन कर लूप सिस्टम समझाया था। इसे धरातल पर स्थाई रूप से लागू करने से पहले 4 मार्च को एक दिन का ट्रायल रखा जा रहा है। इसमें जिला प्रशासन, जेडीए, नगर निगम और पुलिस प्रशासन मिलकर काम करेगा। आमजन से एक दिन के लिए इसमें सहयोग करने की अपील की गई है।

इस प्रकार रहेगा यातायात

  • जालोरी गेट सर्किल से राज रणछोड़ दास मंदिर, पुरी तिराहा से नई सड़क़ सर्किल से टर्न लेकर फिर पुरी तिराहा रेलवे स्टेशन तक और रेलवे स्टेशन से ओलम्पिक सर्किल से जालोरी गेट तक एक लूप रहेगा, यानि एक तरफ यातायात चलेगा।
  • दूसरा लूप पुरी तिराहे से सोजती गेट तकिया चांद शाह मार्केट, बाईजी का तालाब होते हुए जालोरी गेट तक रहेगा, इसमें भी एक तरफा ही यातायात रहेगा।
  • तीसरा लूप पुरी तिराहे से रेलवे स्टेशन, राजरणछोड़दास मंदिर और फिर पुरी तिराहे तक होगा।
  • यदि कोई जालोरी गेट से निकला है और उसे रेलवे स्टेशन जाना है तो उसे पूरे लूप का चक्कर निकाल कर आना होगा। रिवर्स नहीं ले सकेंगे और ट्रैफिक लाइट फ्री यातायात रहेगा। जिस दिशा में यातायात चल रहा है उस सड़क़ पर सामने कोई वाहन नही आ सकेगा।