शहर में फिर होगा आधुनिक तकनीक से सम्पूर्ण रामलीला का आयोजन

  • 18 अक्टूबर से होगी रामलीला
  • लाईट एंड साउंड के आधुनिक तकनीक से होगा आयोजन

जोधपुर,प्रबंध समिति आदर्श विद्या मंदिर जोधपुर के तत्वावधान में इस वर्ष 18 से 22 अक्टूबर तक कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर में लाईट एंड साउंड के नवीनतम व आधुनिक प्रयोग पर आधारित भव्य सम्पूर्ण रामलीला का मंचन किया जाएगा। गोस्वामी सुशील महाराज के वर्षों के अनुभवों एवं आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस भव्य सम्पूर्ण रामलीला के आयोजन से बहने वाली भक्तिमयी रसधारा में सूर्यनगरी की जनता पुन: सरोबार होने वाली है।

प्रबंध समिति आदर्श विद्या मंदिर के अध्यक्ष डॉ निर्मल गहलोत तथा उपाध्यक्ष पारस जैन सहित मिश्रीलाल (समिति सचिव), हरीश लोहिया (व्यवस्थापक) एवं समिति कार्यालय प्रमुख माधव दास के प्रयासों द्वारा दस वर्षों के उपरांत जोधपुर में पुनः भव्य सम्पूर्ण रामलीला का आयोजन जनता के लिए किया जा रहा है। इससे पहले अंतिम बार जोधपुर में भव्य सम्पूर्ण रामलीला का मंचन वर्ष 2012 में किया गया था।

रामलीला के नाट्य मंचन का 50 वर्षों से अनुभव

गोस्वामी सुशील महाराज का रामलीला के नाट्य मंचन में बतौर निर्देशक 50 वर्षों से अधिक का अनुभव रहा है। उनके सानिध्य में देश के कई थियेटर व आम कलाकारों ने रामायण के विभिन्न किरदारों को देश विदेश में निभाकर जनता का प्रेम व स्नेह प्राप्त किया है। उनके अनुसार गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित भव्य सम्पूर्ण रामलीला का मंचन जोधपुर में वर्ष 2000 से 2012 तक निरंतर किया जाता था।

क्या खास है इस रामलीला में

पारंपरिक रामलीला मंचन की अपेक्षा भव्य सम्पूर्ण रामलीला का मंचन पूर्णत: अत्याधुनिक तकनीक के आधार पर किया जाता है। इसके तहत बहु मंचीय ध्वनि एवं प्रकाश के नवीनतम प्रयोगों को आजमा कर जनता को रामायण काल के वास्तविक माहौल में ले जाने का प्रयास किया जाता है तथा परिस्थितिजन्य दृश्यों को अधिकाधिक जीवंत करने की कोशिश की जाती है। रामलीला में दर्शकों के सामने भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर रावण वध एवं अयोध्या वापसी तक की सम्पूर्ण गाथा को बहु मंचीय ध्वनि एवं प्रकाश के माध्यम से महज ढाई घंटे में अत्याधुनिक तकनीकी मदद से प्रत्येक दिन भव्य स्वरूप प्रदान कर प्रस्तुत किया जाता है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें- http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews