पुनर्विकास से सोजत रोड स्टेशन की बदल रही सूरत

अमृत स्टेशन योजना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पुनर्विकास से सोजत रोड स्टेशन की बदल रही सूरत। राजस्थान के पाली जिला स्थित सोजत रोड स्टेशन ऐतिहासिक शहर सोजत (लगभग 10-15 किमी दूर) से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है। सोजत मेहंदी शहर के नाम से मशहूर है तथा विश्व प्रसिद्ध,जीआई-टैग प्राप्त मेहंदी उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र है। अपनी समृद्ध विरासत के लिए जाना जाने वाला यह शहर प्राचीन मंदिरों,एक ऐतिहासिक किले और कृषि व्यापार,मारवाड़ी परंपराओं और ग्रामीण राजस्थानी जीवनशैली से गहराई से जुड़ी संस्कृति का संगम है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के सोजत रोड स्टेशन पर लगभग 21.20 करोड़ की लागत से पुनर्विकास कार्य किये जा रहे हैं। आधुनिकीकरण की दिशा में ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत सोजत रोड स्टेशन का कायाकल्प तीव्र गति से किया जा रहा है। स्टेशन के बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं को उच्चस्तरीय बनाया जा रहा है, जिसका 85% कार्य सफलता पूर्वक पूर्ण हो चुका है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अतर्गत प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर कोटा स्टोन टाइल्स बिछाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर 10-बे वाले नए शेल्टर का निर्माण किया गया है। लगभग 11,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेट फॉर्म सरफेसिंग का कार्य किया गया है।

अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर रेलवे स्टेशन में हुए विभिन्न कार्यक्रम

प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर ‘काउ कैचर्स’ (Cow Catchers) लगाने का कार्य प्रगति पर है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्टेशन पर उन्नत यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है जिसके अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए 75 वर्ग मीटर का वेटिंग हॉल तैयार किया गया है। स्टेशन पर नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज स्थापित किया जा रहा है,जिसका 70% कार्य पूरा हो गया है।

स्टेशन पर आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम,डिजिटल साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को अपग्रेड किया गया है। स्टेशन को पूरी तरह से ‘दिव्यांगजन फ्रेंडली’ बनाया गया है। इसके अंतर्गत कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रवेश द्वार पर स्टैंडर्ड रैंप का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पार्किंग क्षेत्र में फेंसिंग,मार्किंग आदि कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। रिफ्रेशमेंट रूम/फूड प्लाजा का कार्य 60% तक पूरा हो चुका है। सोजत रोड स्टेशन के पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी है।

शीघ्र ही सोजत रोड स्टेशन को अपने नए और आधुनिक स्वरूप में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे न केवल यात्रियों का सफर आराम दायक होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी और यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन को आधुनिक बनाने के साथ-साथ यात्री सुरक्षा और सुविधा के सूक्ष्म बिंदुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।