जोधपुर, जिले के पीपाड़ व बिलाड़ा नगर पालिकाध्यक्ष चुनाव में कोई उलटफेर देखने को नहीं मिला। पीपाड़ में पूर्ण बहुमत हासिल कर चुकी कांग्रेस की समुदेवी व बिलाड़ा में भाजपा के रूपसिंह सीरवी पालिकाध्यक्ष चुने गए। पीपाड़ में कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर रखी थी जबकि भाजपा कांग्रेस में उपजे असंतोष का लाभ उठाने की फिराक में थी। बिलाड़ा में कांग्रेस ने निर्दलीय को समर्थन देकर भाजपा से क्रास वोटिंग की उम्मीद लगा रखी थी। पीपाड़ में कांग्रेस व बिलाड़ा में भाजपा के पार्षद बाड़ेबंदी से सीधे मतदान केन्द्र पर पहुंचे। पीपाड़ में कांग्रेस के 21 पार्षद जीत कर आए थे लेकिन एक पार्षद लक्ष्मी देवी ने पालिकाध्यक्ष के लिए प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के बाद त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद बीस सदस्यों को बाड़ेबंदी में रखा गया। आज सुबह कांग्रेस के प्रत्याशी समुद्री समुदेवी सांखला, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, बिलाड़ा विधायक हीरालाल मेघवाल,पर्यवेक्षक शिव करण सैनी, भोपालगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ के साथ कांग्रेस के 20 पार्षदों को लेकर मतदान केंद्र पर पहुंची। इस दौरान तीन निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस के समर्थन में साथ में आए। मतदान के बाद हुई गणना में समुदेवी के पक्ष में 24 व भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में दस मत पड़े। पीपाड़ में 17 वर्ष के अंतराल के बाद नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बना है। बिलाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के रूपसिंह सीरवी विजयी घोषित किए गए। उन्हें 25 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी को दस मत मिले। यहां भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद तय माना जा रहा था कि पालिकाध्यक्ष भाजपा का ही बनेगा। भाजपा में क्रास वोटिंग की संभावना नगण्य नजर आ रही थी। ऐसे में पालिकाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार ही नहीं उतरा और निर्दलीय को समर्थन दे दिया। उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 दिसम्बर को होगा। प्रात: 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी,11 बजे नामांकन पत्रों की प्रस्तुति,11.30 बजे से नामांकन पत्रों की सवीक्षा, दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापसी व आवश्यक होने पर दोपहर 2.30 से 5 बजे तक मतदान व मतदान के तुरन्त बाद मतगणना होगी।