आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा 2025 शुरू
- 85 परीक्षा केन्द्रों पर हो रही परीक्षा
- पांच जून तक 27 हजार से अधिक परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा 2025 शुरू। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी),अजमेर द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक-कृषि एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) रविवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा का आयोजन 5 जून तक किया जाएगा।
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जा रही है। सामान्य ज्ञान का प्रश्न पत्र सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक आयोजित हो रहा है,जबकि विषयवार परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित की जा रही हैं। जोधपुर जिले में परीक्षा के लिए कुल 85 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं,जहां 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
नकल,डमी परीक्षार्थियों तथा अन्य अनुचित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 16 विशेष सतर्कता दल गठित किए गए हैं। ये दल विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।अधिकारियों के अनुसार परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों की केन्द्रों पर समय से पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा केन्द्र पर समय से पहुंचने तथा आयोग के नियमों का पालन करने की अपील की है।
