आंगणवा गांव में अवैध निर्माण व अतिक्रमण ध्वस्त

जेडीए ने पांच जेसीबी से हटाए कब्जे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आंगणवा गांव में अवैध निर्माण व अतिक्रमण ध्वस्त। जोधपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त उत्साह चौधरी के निर्देशानुसार जेडीए अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा अवैध एवं अनाधिकृत कॉलोनियों,अवैध निर्माणों एवं अतिक्रमणों पर निरन्तर सख्त कार्यवाही के क्रम में रविवार को ग्राम आंगणवा ख.सं.73 एवं 74 में बड़ी कार्यवाही करते हुए प्राधिकरण स्वामित्व भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।

प्राधिकरण सचिव चंचल वर्मा के आदेशानुसार उपायुक्त जोन-6 दिनेश कुमार मीणा एवं तहसीलदार प्रतिज्ञा सोनी व अजीत पाल सिंह के निर्देशन में जेडीए दस्ते द्वारा ग्राम आंगणवा के खसरा संख्या 73 एवं 74 के निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के नाम दर्ज भूमि पर भिन्न-भिन्न स्थानों पर अवैध निर्माण एवं चारदीवारी,ग्रेवल सडक़ें, बिजली पोल लगाकर किए गए विभिन्न अतिक्रमण पाए गए।

आरपीएससी प्राध्यापक एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा 2025 शुरू

प्राधिकरण दस्ते द्वारा 5 जेसीबी व दो ट्रैक्टर की सहायता से उक्त अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त एवं खुर्द-बुर्द कर प्राधिकरण भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया एवं प्राधिकरण स्वामित्व के 6 साइन बोर्ड लगाए गए। कार्यवाही के दौरान दस्ते द्वारा 28 लोहे के एंगलें,दो साइन बोर्ड, बिजली की दो केबलें,एक सीसीटीवी कैमरा एवं दो लाइटें जब्त कर जेडीए लाया गया।

कार्यवाही प्रवर्तन अधिकारी जोगेंद्रसिंह चौधरी व प्रवीण गहलोत,प्रवर्तन निरीक्षक योगेश गहलोत व संजय सांदड़,पटवारी भूराराम,थानाधिकारी शेषकरण पुलिस थाना मंडोर एवं पुलिस लाइन जाब्ता मय जेडीए दस्ते द्वारा की गयी।