संदिग्ध मूंगफली बीज की बिक्री पर रोक
- चार जिलों में एक साथ चला विशेष निरीक्षण अभियान
- 68 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),संदिग्ध मूंगफली बीज की बिक्री पर रोक। किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने तथा बीज कारोबार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर जोधपुर में की गई औचक कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 27,178 बैग संदिग्ध मूंगफली बीज की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ ही विभिन्न लॉटों से 32 नमूने लेकर उन्हें परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए सुरक्षित किया गया है।
कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रीको मण्डोर स्थित विनायक कोल्ड स्टोरेज एवं वेयर हाउस में बड़ी मात्रा में मूंगफली बीज का भंडारण पाया गया। जांच में सामने आया कि उक्त बीज का भंडारण एग्री जेनेटिक प्राइवेट लिमिटेड तथा गणेश एग्री जेनेटिक, गुजरात द्वारा किया गया था।
मौके पर बीज उत्पादन, प्रसंस्करण,भंडारण एवं प्रमाणन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, उत्पादन अभिलेख एवं अन्य वैधानिक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन संबंधित पक्ष आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवा सके। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध एवं नियमों के विपरीत प्रतीत होने पर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक लॉट का पृथक-पृथक नमूना लिया जाए तथा जांच पूरी होने तक संबंधित बीज की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए। निर्देशों की पालना में कृषि विभाग की टीम ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए कुल 32 लॉट के नमूने लिए तथा 27,178 बैग मूंगफली बीज के विक्रय पर रोक लगाने की कार्रवाई की।
शातिर बाइक चोर को पकड़ा: 25 वाहन चोरी की वारदातों का लगा पता
एक साथ चला व्यापक निरीक्षण अभियान कृषि मंत्री के निर्देश पर जोधपुर कृषि खण्ड के जोधपुर, फलोदी,बाड़मेर एवं बालोतरा जिलों में एक साथ विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। कृषि विभाग की टीमों ने कुल 68 बीज विक्रेताओं एवं कृषि आदान प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर बीज स्टॉक, स्टॉक रजिस्टर,विक्रय अभिलेख, लाइसेंस, प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान बीज विक्रेताओं को अवैध, अप्रमाणित अथवा अमानक बीज के विक्रय के संबंध में कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं संदिग्ध मामलों में नमूने लेकर परीक्षण हेतु भेजे गए तथा आवश्यकता अनुसार विक्रय पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई भी की गई।
बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण अभियान के दौरान बोरानाड़ा स्थित बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज का भी निरीक्षण किया गया। यहां 20 किलोग्राम पैकिंग के 132 बैग तथा एक ट्रक मूंगफली पॉड्स से भरा हुआ पाया गया,जो छिलाई के लिए लाया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त सामग्री पर बीज संबंधी कोई मार्का, लेबल अथवा प्रमाणीकरण अंकित नहीं था।
साथ ही संबंधित इकाई के पास केवल मूंगफली प्रोसेसिंग का लाइसेंस उपलब्ध था। विस्तृत जांच के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रक में भरी मूंगफली का बीज विक्रय अथवा बीज उत्पादन से कोई संबंध नहीं पाया गया, जिसके चलते उसे मुक्त कर दिया गया। वहीं परिसर में उपलब्ध सामग्री के संबंध में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई।
