महिला यात्री शहनाज बानो के लिए देवदूत बनी आरपीएफ महिला कांस्टेबल नवीन
चलती ट्रेन के नीचे आने से बचाकर दिया जीवनदान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महिला यात्री शहनाज बानो के लिए देवदूत बनी आरपीएफ महिला कांस्टेबल नवीन। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला यात्री शहनाज बानो अचानक फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गईं। इस खतरनाक स्थिति में ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की महिला कांस्टेबल नवीन उनके लिए देवदूत बनकर सामने आईं।
प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल नवीन ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया जिससे एक गंभीर हादसा टल गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि यह घटना गाड़ी संख्या 19223 साबरमती- जम्मूतवी एक्सप्रेस के सोमवार को जोधपुर स्टेशन से प्रस्थान के दौरान हुई। महिला यात्री को सुरक्षित बचा लिया गया और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। बाद में महिला को दूसरी ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
ओसियां स्टेशन पर शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कांस्टेबल नवीन के इस उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्य की सराहना करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
