एक माह में 1.40 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड वसूली

  • जोधपुर मंडल का नया कीर्तिमान
  • टिकट चेकिंग मद से जोधपुर मंडल को एक माह में हुई रिकॉर्ड कमाई
  • 29 हजार विभिन्न मामलों में टीटीई ने की सख्त कार्रवाई
  • सभी रेल मार्गों पर ट्रेनों की औचक जांच से मिला परिणाम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एक माह में 1.40 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड वसूली। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर बिना टिकट व अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर एक माह में 1 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक की वसूली कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह राशि मंडल के टिकट चेकिंग इतिहास में अब तक की सर्वाधिक मानी जा रही है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार अप्रैल माह में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के तहत कुल 29 हजार मामलों में कार्रवाई कर 1 करोड़ 40 लाख 26 हजार 956 रुपए का राजस्व अर्जित किया गया। इसमें बिना टिकट,अनियमित टिकट,गंदगी फैलाने,बिना बुक सामान और धूम्रपान के मामले शामिल हैं। इससे पहले मार्च माह में 1 करोड़ 21 लाख रुपए की वसूली की गई थी।

लीलण सुपर फास्ट सोमवार से 9 ट्रिप रद्द

उन्होंने बताया कि सुनियोजित तरीके से ट्रेनों में औचक जांच अभियान चलाया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। अप्रैल में 14,817 बिना टिकट और 11,450 अनियमित टिकट के मामलों के साथ बिना बुक सामान के 14 मामलों से 1 करोड़ 37 लाख 21 हजार 956 रुपए की वसूली की गई।

ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने वाले 2,631 यात्रियों से 2 लाख 91 हजार रुपए तथा धूम्रपान के 67 मामलों में 14 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 29 हजार मामलों में रिकॉर्ड वसूली दर्ज की गई। रेलवे के अनुसार बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए यह सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

स्वच्छता और अनुशासन पर भी फोकस
रेलवे ने केवल टिकट जांच तक ही अभियान सीमित नहीं रखा,बल्कि यात्रियों के व्यवहार पर भी सख्ती दिखाई।
● 2,631 मामलों में गंदगी फैलाने वालों से 2.91 लाख रुपए वसूले गए
● 67 मामलों में धूम्रपान करने वालों से 14 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।

सुनियोजित रणनीति से मिला ऐतिहासिक परिणाम
अधिकारियों के अनुसार ट्रेनों में औचक जांच,प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी,वाणिज्य विभाग के समन्वित प्रयासों और सुनियोजित रणनीति के कारण यह अभूतपूर्व सफलता हासिल हुई है। इस अभियान ने यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई है, जिससे बिना टिकट यात्रा और अनियमितताओं में कमी आने की उम्मीद है।

फैक्ट फाइल
◆ कुल मामले: 29,000
◆ कुल वसूली: 1,40,26,956 रुपए
◆ बिना टिकट: 14,817 मामले
◆ अनियमित टिकट: 11,450 मामले
◆ बिना बुक सामान: 14 मामले
◆ गंदगी: 2,631 मामले-2.91 लाख वसूली
◆ धूम्रपान: 67 मामले-14 हजार वसूली