होली से पहले रेलवे सतर्क,ट्रेनों में प्रतिबंधित सामान पर सख्ती
- 4 दिन में 9 लोग पकड़े,
- 481 ट्रेनों की जांच
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),होली से पहले रेलवे सतर्क,ट्रेनों में प्रतिबंधित सामान पर सख्ती। होली के त्योहार से पहले रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। चार दिन तक विभिन्न मंडलों में चले इस अभियान में 481 ट्रेनों की जांच की गई,जिसमें 9 लोग प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े गए। इनके खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन में पेट्रोल, डीजल,गैस सिलेंडर,पटाखे तथा अन्य ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा अवैध शराब,मादक पदार्थ और खतरनाक रसायन जैसी वस्तुएं भी ट्रेन में ले जाना नियमों के विरुद्ध है।
बालोतरा स्टेशन पर लगाया कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार वाणिज्य,आरपीएफ, यांत्रिक,कैरिज एवं वैगन तथा कार्मिक विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्टेशनों पर यह अभियान चलाया। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे स्टाफ को दें या रेल मदद ऐप अथवा इंडियन रेलवे हेल्प लाइन 139 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
संदिग्ध वस्तुओं को ले जाने पर सजा का प्रावधान:-
रेलवे प्रशासन के अनुसार रेल यात्रा के दौरान विस्फोटक या प्रतिबंधित सामग्री ले जाना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में एक हजार रुपये तक जुर्माना या तीन वर्ष तक की सजा अथवा दोनों का प्रावधान है।
