रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए रेल मदद ऐप की सुविधा
- जोधपुर मंडल में शिकायत निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन
- दो माह में 3807 शिकायतों का औसतन 22 मिनट में समाधान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए रेल मदद ऐप की सुविधा। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए ‘रेल मदद’ ऐप के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निस्तारण में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि माह जनवरी-फरवरी 2026 के दौरान जोधपुर मंडल में रेल मदद ऐप पर प्राप्त 3807 शिकायतों का औसतन मात्र 22 मिनट (0.22 घंटे) में तत्काल निस्तारण किया गया,जो मंडल की दक्षता और यात्रियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव के नेतृत्व में एवं मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए ‘रेल मदद’ ऐप की सुविधा प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। ट्रेन से जुड़ी शिकायतों पर रेल मदद ऐप, रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 तथा (एक्स) ट्विटर अकाउंट के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रा के दौरान यात्री इन माध्यमों के जरिए आसानी से सहायता प्राप्त कर सकते हैं या अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इस ऐप के माध्यम से यात्री ट्रेन में साफ-सफाई,पानी की उपलब्धता, बिजली संबंधी समस्या,बुजुर्ग यात्रियों के लिए निचली बर्थ की व्यवस्था,बच्चों के लिए दूध, दवाइयों की जरूरत या किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता जैसी सेवाओं के लिए अनुरोध कर सकते हैं।
तत्काल निवारण करना है उद्देश्य
रेलवे का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से शिकायतों को सरलता से प्राप्त करना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। रेल मदद ऐप एवं 139 हेल्पलाइन के जरिए यात्री सफर के दौरान अपनी समस्याएं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए यात्री को सामान्य जानकारी जैसे घटना की तारीख,स्थान,मोबाइल नंबर और ई-मेल आदि दर्ज करनी होती है,जिससे शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यात्रियों से लिया जाता है फीडबैक
रेल मदद ऐप पर दर्ज शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा में किया जाता है। यदि किसी कारणवश समय पर समाधान नहीं हो पाता है तो शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों तक पहुंच जाती है। समस्या के समाधान के बाद संबंधित यात्री को सूचना दी जाती है तथा उनसे फीडबैक भी लिया जाता है,जिससे सेवाओं में निरंतर मदद सुधार किया जा सके।जोधपुर मंडल का यह प्रदर्शन रेलवे की यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बेहतर सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
