Doordrishti News Logo

राजस्थान दिवस पर अरबन हाट में लगेगी पंच गौरव ओडीओपी प्रदर्शनी

लकड़ी के फर्नीचर सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों की सजेगी प्रदर्शनी
-प्रतिदिन लोकनृत्य,लोकसंगीत व फैशन शो जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राजस्थान दिवस पर अरबन हाट में लगेगी पंच गौरव ओडीओपी प्रदर्शनी।राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत अरबन हाट,जोधपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक स्थानीय उत्पाद लकड़ी के फर्नीचर को बढ़ावा देने तथा ई- मार्केटप्लेस (GeM) और अंतरराष्ट्रीय निर्यात को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

फूलदेई : उत्तराखंड का लोकउत्सव

यह प्रदर्शनी जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र,जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार 15 को सायं 5 बजे विशेष अतिथियों के सानिध्य में किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

जोधपुर का लकड़ी का फर्नीचर वैश्विक पहचान
अतिरिक्त आयुक्त,उद्योग एवं वाणिज्य एसएल पालीवाल ने बताया कि ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत जोधपुर जिले के लिए लकड़ी के फर्नीचर का चयन किया गया है। जोधपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट फर्नीचर देश-विदेश में अपनी विशिष्ट डिजाइन और गुणवत्ता के कारण विशेष पहचान रखता है।

उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में स्थानीय हस्तशिल्पियों,स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय का अवसर प्रदान किया जाएगा,जिससे उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

विभिन्न हस्तशिल्प व पारंपरिक उत्पादों की सजेगी स्टॉल्स
प्रदर्शनी में लकड़ी के फर्नीचर के साथ-साथ लाख की चूड़ियां,कोटा डोरिया के परिधान,रेशम की साड़ियां,वुडन एवं मेटल हैंडीक्राफ्ट, बंधेज,आरी-तारी कार्य,जूट बैग्स, पॉटरी,बुटीक व गारमेंट उत्पाद, पर्दे,दरियां सहित हाथ से निर्मित मसाले,पापड़,अचार एवं अन्य खाद्य सामग्री की आकर्षक स्टॉल्स सजाई जाएंगी।

इसके अतिरिक्त अरबन हाट के म्यूजियम हॉल में लकड़ी के हस्तशिल्प फर्नीचर और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
अरबन हाट प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि पंच गौरव ओडीओपी प्रदर्शनी के दौरान प्रतिदिन लोकनृत्य,लोकसंगीत, फैशन शो,संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आमजन से इस प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन करने तथा स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन प्रदान करने की अपील की है।

You missed