Doordrishti News Logo

जोधपुर, जिले के शेरगढ़ तहसील के गड़ा में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीहर पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका का बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन को सौंपा। घटना में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। विवाहिता का शव पानी के टांके में मिलना बताया जाता है। शेरगढ़ पुलिस ने बताया कि मथानिया के जेलू निवासी मनोहर सिंह पुत्र गैन सिंह ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी पुत्री संतोष कंवर की शादी करीब दो वर्ष पूर्व गड़ा निवासी भंवर सिंह पुत्र देवी सिंह के साथ की गई थी।

शादी में काफी दान दहेज दिया गया था। मंगलवार को सूचना मिली कि उसकी पुत्री संतोष कंवर की टांके में गिरने से मौत हो गई है। जिस पर वो अपने परिजनों के साथ पुत्री के ससुराल पहुंचे। जहां पर उसकी पुत्री के पानी के टांके में गिरने से मौत होना बताया गया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसको दहेज के लिए तंग व परेशान भी किया जाता था। घटना से समय से पहले भी ससुराल में उसका विवाद हुआ था। पुलिस ने अब घटना में गहन अनुसंधान आरंभ किया है।

Related posts: